बिलासपुर संभाग

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के लिए भाजपा ने झोंकी ताकत, 3 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य

विधायक अमर अग्रवाल ने छह मंडलों के पदाधिकारियों के साथ की बैठक, प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ताओं और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 31 अक्टूबर को बिलासपुर में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने विधानसभा क्षेत्र के छह मंडलों के अध्यक्षों, महामंत्रियों, संगठन प्रभारियों और सहप्रभारियों की बैठक लेकर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से करीब तीन हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ताओं और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

विधायक अमर अग्रवाल ने बताया कि पदयात्रा 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को दोपहर 2 बजे गांधी चौक स्थित गवर्नमेंट स्कूल से शुरू होगी। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद पदयात्रा नेहरू चौक पहुंचेगी, जहां सभा आयोजित की जाएगी। सभा में वक्ता पदयात्रा के उद्देश्यों और संबंधित विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

गांधी चौक से नेहरू चौक तक निकलेगी पदयात्रा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा गांधी चौक स्थित गवर्नमेंट स्कूल से प्रारंभ होकर हटरी चौक, सिटी कोतवाली चौक, गोल बाजार, सदर बाजार, सिम्स चौक, देवकीनंदन चौक और पोस्ट ऑफिस से होते हुए नेहरू चौक पहुंचेगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए मार्ग, जनसंपर्क, लोगों की सहभागिता और अन्य व्यवस्थाओं पर बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बूथ स्तर पर संपर्क और समन्वय पर जोर

अमर अग्रवाल ने मंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़े संगठनात्मक कार्यक्रमों की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आपसी समन्वय और व्यवस्थाओं का समय पर पूरा होना आवश्यक है।

बैठक में सभी मंडलों को तीन हजार लोगों की सहभागिता के लक्ष्य को पूरा करने के लिए समन्वित प्रयास करने तथा सौंपी गई जिम्मेदारियों का समयबद्ध निर्वहन करने को कहा गया।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, महेश चंद्रिकापुरे, मनीष शुक्ला, राजेश मिश्रा, मनीष अग्रवाल, जुगल अग्रवाल, प्रबीर सेन गुप्ता, चंद्रप्रकाश मिश्रा, पंकज तिवारी, लक्ष्मीनारायण कश्यप, शैलेन्द्र पाठक, राकेश लालवानी, मनोज सोनी, वैभव गुप्ता, स्नेहलता शर्मा, विजय यादव, संजय अग्रवाल, शेखर पाल, जगदीश साव, नारायण गोस्वामी, मनीष गुप्ता, शशांक तिवारी, अमर राजपूत, देवाशीष दत्ता, साहिल कश्यप, विश्वजीत ताम्रकार, तनुज वोहरा, प्रतिभा मिश्रा, वंदना तिवारी, लोकेश्वरी राठौर, सुमन यादव और सोनम साहू सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!