रायपुर संभाग

दुर्गा मेले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2100 स्टील और रिंगदार कड़े-चूड़े जब्त

विवाद और मारपीट की आशंका के चलते छह दिनों में हुई कार्रवाई, असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस की नजर

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में सुहेला दुर्गा मेला परिसर में पिछले छह दिनों के दौरान कार्रवाई करते हुए करीब 2100 स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, विवाद या मारपीट के दौरान इन वस्तुओं से चोट पहुंचाए जाने की आशंका को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।

बलौदाबाजार ( शिखर दर्शन ) //

एसपी के निर्देशन में बढ़ाई गई सुरक्षा

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिलेभर में नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सुहेला दुर्गा मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पुलिस टीम संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। मेला परिसर में आने-जाने वाले लोगों की निगरानी के साथ सुरक्षा संबंधी जांच भी की जा रही है।

पुराने आरोपियों और गुंडा-बदमाशों पर कार्रवाई

पुलिस ने नवरात्रि शुरू होने से पहले ही कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी थी। पिछले वर्षों में नवरात्रि के दौरान चाकूबाजी, हुड़दंग और अन्य विवादों में शामिल रहे पुराने आरोपियों तथा गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपियों को जेल भेजा गया है।

इसके अलावा सुहेला नगर और मेला परिसर में लगातार पैदल गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता

पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य मेले में आने वाली महिलाओं, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखना प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अपील की है। दुर्गा उत्सव समितियों के कार्यक्रमों में अनुशासन बनाए रखने और विवाद से बचने की भी सलाह दी गई है।

पुलिस ने लोगों से मेला परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल देने की अपील की है। इसके लिए दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!