छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

राजधानी में गर्मी का असर बरकरार, रायपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान; दक्षिणी छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
रायपुर ( शिखर दर्शन ) //
छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से शुष्क मौसम के कारण गर्मी का एहसास बढ़ रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के बीच अब मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम ?
राजधानी रायपुर में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिन के समय आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
रायपुर में सामान्य से अधिक रहा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान की स्थिति इस प्रकार रही:
- रायपुर: 33.4 डिग्री सेल्सियस
- माना एयरपोर्ट: 32 डिग्री सेल्सियस
- बिलासपुर: 32 डिग्री सेल्सियस
- जगदलपुर: 32.9 डिग्री सेल्सियस
- दुर्ग: 31.2 डिग्री सेल्सियस
दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि, फिलहाल बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है।
15 अक्टूबर को पूरे देश से मानसून की विदाई
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 अक्टूबर को पूरे देश से विदा हो गया। इसके बावजूद कुछ मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। ऐसे में मौसम में होने वाले बदलाव पर नजर रखना जरूरी होगा।


