रायपुर संभाग

CM साय आज कलेक्टरों से करेंगे सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा, रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबला

बस किराया वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से राजस्व कार्य प्रभावित

रायपुर ( शिखर दर्शन ) //

छत्तीसगढ़ में आज, 16 अक्टूबर को प्रशासनिक समीक्षा से लेकर खेल और राजनीतिक गतिविधियों तक कई अहम कार्यक्रम होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक में प्रदेश के सभी 33 जिलों के कलेक्टरों से चर्चा करेंगे। वहीं रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। दूसरी ओर, बस किराया वृद्धि के विरोध में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी और पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल भी जारी रहेगी।

CM साय आज कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 9 बजे रायगढ़ से रायपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे नवा रायपुर के सेक्टर-22 स्थित अटल नगर में भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे मंत्रालय, महानदी भवन में स्टेट कैपिटल रीजन की बैठक लेंगे।

दोपहर 2:45 बजे मुख्यमंत्री सीएम हेल्पलाइन 1076 की समीक्षा करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी 33 जिलों के कलेक्टर बैठक में शामिल होंगे। इसमें शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि और जिलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, 9 जून 2026 को शुरू हुई इस हेल्पलाइन पर शुरुआती चार महीनों में करीब दो लाख शिकायतें दर्ज हुई हैं। मुख्यमंत्री अधिकारियों को शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निराकरण के निर्देश देंगे।

शाम 4:45 बजे मुख्यमंत्री हीरापुर स्थित गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे, जहां रात 9 बजे तक आयोजित रास गरबा कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

रायपुर में आज भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबला

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।

इस मुकाबले के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के किसी भी प्रारूप में जिम्बाब्वे की महिला टीम के खिलाफ खेलेगी। सीरीज में स्मृति मंधाना कप्तानी करेंगी, जबकि पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा होंगी।

सीरीज का दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर और तीसरा मैच 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। आयोजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। दी गई जानकारी के मुताबिक, महिलाओं और युवतियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

बस किराया वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

बस किराए में बढ़ोतरी के विरोध में रायपुर शहर कांग्रेस आज अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल में प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि किराया बढ़ने से यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बस यात्रियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानेंगे और बढ़े किराए के कारण होने वाली परेशानियों पर चर्चा करेंगे। रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।

पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी

छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज भी जारी रहेगी। 13 अक्टूबर से शुरू हुई इस हड़ताल के कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित हो रहा है।

पटवारी वेतन विसंगति दूर करने, पदोन्नति और डिजिटल फसल सर्वे से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग कर रहे हैं। भू-अभिलेख संचालक के साथ हुई बैठक में कोई सहमति नहीं बन सकी।

संघ में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि पटवारियों को काम पर लौटने या इस्तीफा देने की बात कही गई। हड़ताल के चलते नामांतरण सहित कई राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!