रामलीला में ‘हनुमान अंश’ के नायक शोभिनव सत्य रहे आकर्षण का केंद्र, मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया शुभारंभ

प्रेम, सेवा और मानवता का दिया संदेश, 20 अक्टूबर को रावण दहन के साथ होगा छह दिवसीय रामलीला का समापन
छत्तीसगढ़ के कोरबा में आयोजित छह दिवसीय रामलीला के दूसरे दिन फिल्म ‘हनुमान अंश’ के नायक शोभिनव सत्य मुख्य आकर्षण रहे। उन्होंने अपने संबोधन में प्रेम, सेवा, मानवता और भगवान श्रीराम के नाम के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने भगवान श्रीरामलला की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ किया।
कोरबा ( शिखर दर्शन ) //
बाबा नीब करौरी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने की अपील
घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में आयोजित रामलीला में फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीब करौरी की भूमिका निभाने वाले शोभिनव सत्य ने भगवान श्रीसीताराम के स्मरण के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में जो कुछ भी अच्छा हुआ है, उसका श्रेय भगवान हनुमान और बाबा नीब करौरी के आशीर्वाद को जाता है।
उन्होंने बाबा नीब करौरी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी से प्रेम करना, लोगों की सेवा करना, भूखों को भोजन कराना और भगवान श्रीराम का नाम लेना जीवन के महत्वपूर्ण संदेश हैं। इन शिक्षाओं को अपनाकर समाज में व्याप्त अनेक बुराइयों को दूर किया जा सकता है।
शोभिनव सत्य ने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोरबा आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यहां उन्हें मां सर्वमंगला के दर्शन करने का अवसर भी मिला। उन्होंने वर्ष में कम से कम एक बार कोरबा आने का प्रयास करने की बात कही।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की लोकप्रियता का श्रेय उन्होंने भगवान हनुमान के आशीर्वाद और दर्शकों के प्रेम को दिया। साथ ही लोगों से फिल्म देखने और बाबा नीब करौरी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
रामलीला में इन प्रसंगों का हुआ मंचन
दूसरे दिन की प्रस्तुतियों में पुष्पवाटिका, धनुष यज्ञ, लक्ष्मण-परशुराम संवाद, राजतिलक तथा मंथरा-कैकेयी संवाद सहित रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया।
कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जुड़ावन सिंह ठाकुर, चंद्रकिशोर श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह सहित मेयर इन काउंसिल के सदस्य, पार्षद और एल्डरमेन उपस्थित रहे।
20 अक्टूबर को रावण दहन के साथ होगा समापन
नगर निगम की ओर से आयोजित रामलीला का समापन 20 अक्टूबर को रावण दहन और मधुर संगीत कार्यक्रम के साथ होगा। आगामी दिनों में रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
- 17 अक्टूबर: राम वनगमन, केवट प्रसंग, दशरथ के देवलोक गमन और भरत मिलाप।
- 18 अक्टूबर: पंचवटी, सीता हरण, राम-हनुमान मिलन, राम-सुग्रीव मैत्री, बाली वध और लंका दहन।
- 19 अक्टूबर: सेतु बंध, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, मेघनाद वध, रावण वध और राज्याभिषेक।
- 20 अक्टूबर: रावण दहन और मधुर संगीत कार्यक्रम के साथ आयोजन का समापन।



