रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में मौसम लेगा करवट, गर्मी के बीच बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

दो दिन शुष्क रह सकता है मौसम, इसके बाद हल्की बारिश के आसार; गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी

मानसून की विदाई के बीच छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। अगले दो दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि इसके बाद कुछ स्थानों पर मौसम बदल सकता है।

रायपुर ( शिखर दर्शन ) //

रायपुर में 35 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने का अनुमान जताया गया है। उपलब्ध पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन के साथ रात में भी गर्मी का अहसास बना रह सकता है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम ?

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहा, जबकि एक-दो जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन शहरों में दर्ज हुआ तापमान

रविवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा—

  • दुर्ग: 33.4 डिग्री सेल्सियस
  • जगदलपुर: 33.2 डिग्री सेल्सियस
  • माना: 32.9 डिग्री सेल्सियस
  • बिलासपुर: 32.4 डिग्री सेल्सियस
  • पेंड्रारोड: 31.4 डिग्री सेल्सियस
  • अंबिकापुर: 31 डिग्री सेल्सियस

तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम में इस तरह की गतिविधियां अगले कुछ दिनों में भी देखने को मिल सकती हैं।

क्या है मौसमी सिस्टम की स्थिति?

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी से होकर गुजर रही है। अगले दो दिनों में पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है।

फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, लेकिन कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान पर नजर रखनी चाहिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!