CM साय आज जनदर्शन में सुनेंगे जनता की समस्याएं, कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च; सुखदेव भगत भी पहुंचेंगे रायपुर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम के जरिए आम जनता से सीधे रूबरू होंगे। वहीं, कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाएगी। इस बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत भी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे और संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।
दोपहर 12 से 3 बजे तक मुख्यमंत्री का जनदर्शन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोग अपनी समस्याएं, शिकायतें और मांगें मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे।
मुख्यमंत्री संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश देंगे। जनदर्शन के माध्यम से आम लोगों को सीधे मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
संविधान गौरव दिवस संगोष्ठी में भी होंगे शामिल
जनदर्शन के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस संगोष्ठी में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव अध्यक्षता करेंगे।
संगोष्ठी में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे। सांसद संतोष पाण्डेय भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं, मंत्री गजेंद्र यादव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री शाम 6 बजे एक निजी कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च
दूसरी ओर, कांग्रेस आज राजधानी में संविधान रक्षा मार्च निकालकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ अपना राजनीतिक संदेश देगी। मार्च की शुरुआत सुबह 11 बजे गांधी मैदान से होगी, जो अंबेडकर चौक पहुंचकर संपन्न होगा।
यह आयोजन कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों, सामाजिक संगठनों और एनजीओ के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस ने आम जनता से बड़ी संख्या में शामिल होकर मार्च को सफल बनाने की अपील की है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत का दो दिवसीय दौरा
इधर, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत भी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे आज सुबह 10 बजे ट्रेन से रायपुर पहुंचेंगे और संविधान रक्षा मार्च में शामिल होंगे।
इसके बाद 27 नवंबर को वे प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। बैठक में पार्टी की मौजूदा स्थिति, संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इस दौरे को प्रदेश में कांग्रेस संगठन की सक्रियता और आगामी राजनीतिक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


