Blog

मध्यप्रदेश में 10 जनवरी से जनगणना का दूसरा चरण, पहली बार मिलेगी ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा; पूछे जाएंगे 40 सवाल

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // देश में जनगणना 2027 की तैयारियां अब दूसरे चरण की ओर बढ़ रही हैं। मध्यप्रदेश सहित देश के अधिकांश राज्यों में 10 जनवरी 2027 से जनगणना के दूसरे चरण के तहत नागरिकों को ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा मिलेगी। इस बार जनगणना पहली बार डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है और इसमें जाति संबंधी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। खास बात यह है कि नागरिक घर बैठे सरकारी पोर्टल पर अपनी और परिवार की जानकारी खुद भर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर पहुंचकर दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे।

केंद्र सरकार की अधिसूचना के अनुसार, मध्यप्रदेश में 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इस प्रक्रिया का पुनरीक्षण 1 से 5 मार्च तक होगा।

जनगणना फॉर्म में होंगे 40 सवाल, व्यक्तिगत से लेकर सामाजिक जानकारी तक मांगी जाएगी

भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी प्रश्नावली में कुल 40 सवाल शामिल किए गए हैं। इनके माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारियां एकत्र की जाएंगी।

इसमें व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय की उम्र, पति या पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म और जाति से संबंधित जानकारी शामिल है। जाति संबंधी विवरण में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य जातियों की जानकारी दर्ज की जाएगी।

शिक्षा, रोजगार और परिवार से जुड़े सवाल भी होंगे शामिल

जनगणना के दौरान माता-पिता का विवरण, मातृभाषा, अन्य ज्ञात भाषाएं, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति, शैक्षणिक संस्थान में उपस्थिति तथा उच्चतम शैक्षणिक योग्यता पूछी जाएगी।

रोजगार से संबंधित जानकारी में पिछले एक वर्ष के दौरान किए गए काम, आर्थिक गतिविधि, व्यवसाय, उद्योग या सेवा की प्रकृति, कामगार की श्रेणी और काम की तलाश जैसी जानकारियां शामिल हैं।

इसके अलावा कार्यस्थल तक आने-जाने, जन्मस्थान, पिछले निवास स्थान, पलायन का कारण, स्थायी निवास का पता और महिलाओं से संबंधित बच्चों की संख्या के विवरण भी लिए जाएंगे। पिछले एक वर्ष में जन्मे बच्चों की जानकारी भी प्रश्नावली का हिस्सा है।

बैंक खातों, आधार और मोबाइल नंबर की भी जानकारी देनी होगी

इस बार जनगणना प्रश्नावली में कुछ ऐसे सवाल भी शामिल किए गए हैं, जिनका संबंध नागरिकों की पहचान और वित्तीय पहुंच से है। इनमें कुल बैंक खातों की संख्या, उपलब्ध होने पर मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र संख्या, भारतीय पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता पूछी जाएगी।

इसके साथ ही दिव्यांगता से संबंधित जानकारी और कोविड-19 टीकाकरण स्थल का विवरण भी प्रश्नावली में शामिल है।

महत्वपूर्ण बात यह है कि बैंक खातों का विवरण यानी खाता संख्या, बैंक पासबुक या बैंक बैलेंस नहीं मांगा जा रहा है। आधिकारिक प्रश्नावली में केवल कुल बैंक खातों की संख्या पूछी गई है।

पोर्टल पर खुद भर सकेंगे जानकारी, प्रगणक करेंगे सत्यापन

जनगणना 2027 में पहली बार स्वगणना (Self Enumeration) की सुविधा शुरू की जा रही है। इसके लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करनी होगी।

ऑनलाइन जानकारी सफलतापूर्वक जमा करने के बाद एक विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) मिलेगी। इसे बाद में घर पहुंचने वाले जनगणना प्रगणक को देना होगा, ताकि जानकारी का सत्यापन और प्रक्रिया पूरी की जा सके।

सरकार के अनुसार, जो परिवार ऑनलाइन स्वगणना नहीं करेंगे, उनकी जानकारी पहले की तरह घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा दर्ज की जाएगी। जनगणना में दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और उसका उपयोग सांख्यिकीय उद्देश्यों तथा विकास योजनाओं के लिए किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!