Blog

नवा रायपुर में आसमान पर दिखा वायु सेना का शौर्य, सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

पैराशूट से सटीक लैंडिंग, गरुड़ कमांडोज का रेस्क्यू प्रदर्शन और तिरंगे की भव्य फॉर्मेशन ने दर्शकों में भरा रोमांच; राज्यपाल रमेन डेका भी रहे मौजूद

नवा रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायु सेना ने भव्य एयर-शो का आयोजन किया। आसमान में पांच हेलीकॉप्टरों की शानदार फॉर्मेशन, रोमांचकारी हवाई करतब और तिरंगे की मनमोहक छटा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने अपने साहस, कौशल और सैन्य दक्षता का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका भी उपस्थित रहे।

पैराशूट से छलांग और गरुड़ कमांडोज का दमदार प्रदर्शन

एयर-शो की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के रोमांचक प्रदर्शन से हुई। टीम के जवानों ने आसमान की ऊंचाई से छलांग लगाई और पैराशूट के सहारे निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग कर अपनी दक्षता का परिचय दिया।

इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने विशेष सैन्य प्रशिक्षण और ऑपरेशनल क्षमता का प्रदर्शन किया। जवानों ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरने की स्लिदरिंग तकनीक का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन से जुड़े करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों ने थाम दी दर्शकों की सांसें

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक के बाद एक शानदार हवाई करतब प्रस्तुत किए।

हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरते क्रॉसओवर और फिर सटीक तालमेल के साथ निर्धारित स्थिति में लौटने के दृश्य ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। पांचों हेलीकॉप्टरों के बीच बेहतरीन समन्वय और पायलटों की असाधारण कुशलता एयर-शो का मुख्य आकर्षण रही।

‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के उद्घोष से गूंजा आसमान

प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। इस अंदाज ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया।

एयर-शो के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में तिरंगे की शानदार फॉर्मेशन बनाई। केसरिया, सफेद और हरे रंग की छटा से सजा आसमान देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस मनमोहक दृश्य को दर्शकों ने अपने कैमरों में कैद किया।

राज्यपाल ने की वायु सेना के साहस और अनुशासन की सराहना

राज्यपाल रमेन डेका ने वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सारंग टीम का यह प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। जवानों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रदर्शित करते हैं। सारंग टीम का प्रदर्शन आपसी विश्वास, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके पीछे लगातार अभ्यास, गहरी एकाग्रता और बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

दुनिया में भारत की पहचान बना चुकी है सारंग टीम

उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। यह टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में 1,500 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर चुकी है। अपने शानदार प्रदर्शन के माध्यम से सारंग टीम अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा रही है।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य एयर-शो में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!