रोबोट से डिजिटल कियोस्क तक, राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी में दिख रही छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा

‘विकसित छत्तीसगढ़, सशक्त नारी और युवा उड़ान’ की थीम पर योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन, आगंतुकों को निःशुल्क दी जा रही पुस्तिकाएं और पत्रिकाएं
नवा रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वाणिज्य एवं व्यापार परिसर में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। एक से तीन नवंबर तक आयोजित इस आयोजन में विभाग ने ‘विकसित छत्तीसगढ़, सशक्त नारी और युवा उड़ान’ की थीम पर प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और शासन की उपलब्धियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया है।

प्रदर्शनी में रोबोट और डिजिटल कियोस्क के जरिए लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। स्टॉल पर स्थापित रोबोट को देखने और उसके साथ संवाद करने के लिए बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंच रहे हैं। वहीं, डिजिटल कियोस्क के माध्यम से नागरिक शासन की विभिन्न योजनाओं, उनके उद्देश्यों और हितग्राहियों को मिलने वाले लाभों से परिचित हो रहे हैं।
निःशुल्क साहित्य के जरिए योजनाओं की जानकारी
जनसंपर्क विभाग की ओर से प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को शासन की विकासपरक पहलों और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं, पत्रिकाएं तथा प्रचार-प्रसार सामग्री निःशुल्क वितरित की जा रही हैं। इस सामग्री के माध्यम से नागरिकों को प्रदेश में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
राज्योत्सव में विभाग की यह प्रदर्शनी तकनीक और जनसंवाद के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। रोबोट, डिजिटल माध्यमों और प्रकाशन सामग्री के जरिए आगंतुकों को प्रदेश की विकास यात्रा से जुड़ी जानकारियां दी जा रही हैं।



