छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आज आगाज, मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ; सीएम साय के कई कार्यक्रम, दिल्ली में कांग्रेस की रैली

नवा रायपुर में तीन दिवसीय आयोजन की शुरुआत, पलक मुच्छल देंगी प्रस्तुति; हॉकी लीग का फाइनल भी आज, राज्य अलंकरण सम्मान के नाम होंगे जारी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ आज अपना राज्य स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शाम 6 बजे समारोह का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। राज्योत्सव के पहले दिन पार्श्व गायिका पलक मुच्छल अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगी। स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सीएम साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित सेंध लेक पहुंचेंगे। यहां वे सारंग हेलीकॉप्टर के एयर शो का अवलोकन करेंगे। इसके बाद शाम 5:15 बजे सत्य साईं संजीवनी अस्पताल पहुंचकर 45 हजार नि:शुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा की उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन का भूमिपूजन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री शाम 6 बजे राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे और उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। रात 8 बजे वे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पहुंचकर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में हिस्सा लेंगे।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया का रायपुर दौरा
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया आज शाम 4:50 बजे रायपुर विमानतल पहुंचेंगे। यहां से वे सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। शाम 6 बजे नवा रायपुर में राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी लीग के समापन समारोह में शामिल होंगे। रात 9:30 बजे उनका भाजपा प्रदेश कार्यालय जाने का कार्यक्रम है।
राज्य अलंकरण सम्मान के नाम आज होंगे घोषित
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण सम्मानों को लेकर भी आज महत्वपूर्ण घोषणा होगी। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल सुबह 11:30 बजे रायपुर के घड़ी चौक स्थित महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर में पत्रकार वार्ता करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न राज्य अलंकरण सम्मानों से सम्मानित होने वाले व्यक्तियों के नामों की सूची जारी करेंगे।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का फाइनल आज
रायपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का फाइनल मुकाबला आज शाम 7 बजे खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर और मैनपाट बुल्स आमने-सामने होंगे। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पुरस्कार वितरण और समापन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
दिल्ली की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होंगे कांग्रेस नेता
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित की जाएगी। इसमें छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली पहुंच चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित पार्टी के विधायक भी रैली में हिस्सा लेंगे।
भाजपा के प्रदेश सहप्रभारी सिद्धार्थ शंभु आज आएंगे रायपुर
भाजपा के प्रदेश सहप्रभारी सिद्धार्थ शंभु आज रायपुर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे।



