दुर्ग संभाग

डॉक्टर के घर एक करोड़ की चोरी का पर्दाफाश, फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए थे नकदी और जेवर

दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार, मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार; करीब एक करोड़ की संपत्ति बरामद

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में डॉक्टर के सूने मकान से हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात का मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है। आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, हीरे जड़ित गहने, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। चोरी की रकम और जेवर छिपाने के लिए आरोपियों ने घर के फर्श के नीचे गड्ढा तक खोद रखा था।

छह दिन बाद घर लौटीं डॉक्टर, आलमारी से गायब मिले नकदी और जेवर

मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र का है। डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर को वापस लौटने पर उन्हें घर की आलमारी से नकदी और कीमती आभूषण गायब मिले। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में जुट गई।

जांच के दौरान पुलिस को राहुल बंसोड़ पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस की टीमें महाराष्ट्र के गोंदिया और नागपुर से लेकर उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक आरोपियों की तलाश में पहुंचीं। उत्तरप्रदेश में प्रदीप कुमार चौधरी को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम और सोने के आभूषण एक मकान के फर्श के नीचे खोदकर बनाए गए गड्ढे से बरामद किए गए।

चोरी के जेवर गलाकर बदलने की कोशिश

पुलिस की पूछताछ में चोरी के आभूषण भदोही के ज्वेलर्स सोनू जायसवाल को बेचने की जानकारी सामने आई। एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, ज्वेलर्स ने कुछ सोने के आभूषणों को भट्टी में गलाकर उनका मूल स्वरूप बदलने की कोशिश की थी। इस मामले में चोरी का माल खरीदने और उसे ठिकाने लगाने में शामिल लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।

चोरी की रकम से खरीदी कार, बाइक और मकान निर्माण में भी खर्च किया पैसा

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ ने चोरी की रकम से दिल्ली में पुरानी एक्सयूवी कार खरीदी थी। वहीं प्रदीप ने चोरी के पैसों का इस्तेमाल सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खरीदने, मकान निर्माण और अन्य खर्चों में किया।

मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब राहुल चोरी का माल लेने भिलाई पहुंचा। पुलिस की घेराबंदी की जानकारी मिलते ही वह सुपेला चौक के पास अपनी कार छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद उसने अपने सहयोगियों को इनोवा वाहन से चोरी का माल लेकर निकलने के लिए कहा।

तड़के तीन बजे पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस ने तड़के करीब तीन बजे घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। इनोवा वाहन की तलाशी के दौरान नकदी और आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने चोरी का माल छिपाने वाले परिजनों तथा फरार आरोपी को वाहन और अन्य सहायता उपलब्ध कराने वाले सहयोगियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है।

फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश कर रही है। साथ ही बरामदगी से बची संपत्ति और वारदात में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!