मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस आज, लाल परेड मैदान में राज्योत्सव का आगाज; 950 उद्योगों को मिलेंगे 490 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे कृषि प्रदर्शनी और विकास दीर्घा का उद्घाटन, मेधावी विद्यार्थियों व किसानों को मिलेंगे पुरस्कार; उद्यमियों को भी बड़ी सौगात
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश आज अपना 71वां स्थापना दिवस मना रहा है। राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर में स्थापना दिवस को लेकर उत्सव का माहौल है। इस अवसर पर लाल परेड मैदान में तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम 7 बजे समारोह का शुभारंभ करेंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’ रखी गई है। स्थापना दिवस के अवसर पर कृषि, उद्योग, शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में कई कार्यक्रमों के साथ हितग्राहियों को सौगातें दी जाएंगी।
लाल परेड मैदान में सजेगी विकास और विरासत की झांकी
मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और ‘स्वाद-देशज व्यंजन मेले’ का उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी में प्रदेश की कृषि उपलब्धियों, आधुनिक तकनीकों और विकास कार्यों की झलक देखने को मिलेगी। महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ की ओर से राजा भोज के जीवन पर आधारित 160 जलरंग चित्रों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
स्थापना दिवस समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति’ के तहत सम्मानित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 102 विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
वहीं ‘किसान स्वाभिमान पर्व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ के 165 विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर शामिल हैं। भोपाल जिले के विजेताओं को मुख्यमंत्री स्वयं सम्मानित करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत 71 बच्चे सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान होगा। उद्घाटन संध्या में प्रसिद्ध पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
मुख्यमंत्री का दिनभर व्यस्त रहेगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 7:50 बजे शौर्य स्मारक पहुंचेंगे। सुबह 8 बजे वे ‘संकल्प वृक्ष’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित उद्यम सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
दोपहर 1:30 बजे वे बालाघाट में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। शाम 6:45 बजे लाल परेड मैदान में कृषि प्रदर्शनी का लोकार्पण करेंगे और शाम 7 बजे राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होंगे।
950 एमएसएमई इकाइयों को 490 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि
स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की ओर से विशेष ‘उद्यम सम्मेलन’ आयोजित किया जा रहा है। एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप की अध्यक्षता में होने वाले इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से 950 एमएसएमई इकाइयों को 490 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित करेंगे।
इसके साथ ही 100 से अधिक स्टार्टअप को कुल 1.50 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी। सम्मेलन में उद्यमियों को भूमि आवंटन के आशय पत्र और ‘मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना’ के तहत ऋण के चेक भी वितरित किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, प्रोत्साहन पाने वाली इन औद्योगिक इकाइयों ने 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है और इनके माध्यम से 17 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।
ट्विशा शर्मा मौत मामला: कॉल डिटेल को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई
मध्यप्रदेश की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में भी कानूनी कार्रवाई जारी है। हाईकोर्ट में पेश किए गए 56 पृष्ठों के दस्तावेजों और 12-13 मई की कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी गिरिबाला सिंह के घटना के तुरंत बाद कई वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने की जानकारी सामने आई है।
दस्तावेजों के मुताबिक, आरोपी ने हाईकोर्ट के एक पूर्व न्यायाधीश से चार बार, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश से 12 बार, डीजीपी स्तर के एक आईपीएस अधिकारी से छह बार और अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी से चार बार फोन पर बातचीत की थी।
इस मामले में पीड़ित पक्ष ने जबलपुर हाईकोर्ट में आरोपी की जमानत का विरोध किया है। सीबीआई ने भी अदालत में दलील दी कि आरोपी के प्रभावशाली होने के कारण मुकदमे की सुनवाई प्रभावित होने की आशंका है। फिलहाल हाईकोर्ट ने जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।



