मध्यप्रदेश

खड़े हनुमान मंदिर को बचाने डिजिटल मुहिम तेज, QR कोड स्कैन कर तीन दिन में 5 हजार से अधिक भक्त जुड़े

उज्जैन। ( शिखर दर्शन ) // धार्मिक नगरी में आस्था और तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। श्री प्राचीन खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा को यथावत रखने और यहां भव्य मंदिर निर्माण की मांग को लेकर श्रद्धालुओं ने डिजिटल मुहिम शुरू की है। मंदिर परिसर और आसपास के बिजली के खंभों पर लगाए गए क्यूआर कोड स्कैन करते ही लोग सीधे मुहिम के इंस्टाग्राम पेज से जुड़ रहे हैं। इस पहल को महज तीन दिनों में पांच हजार से अधिक लोगों का समर्थन मिल चुका है।

प्रतिमा को विस्थापित किए जाने की आशंका के बीच शुरू हुई यह मुहिम तेजी से लोकप्रिय हो रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों में रहने वाले श्रद्धालु भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। भक्तों की मांग है कि प्राचीन प्रतिमा को इसी स्थान पर सुरक्षित रखा जाए और यहां भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाए।

इस वजह से शुरू हुई डिजिटल मुहिम

दरअसल, मंदिर का मूल ढांचा हटाए जाने के बाद से प्राचीन प्रतिमा फिलहाल टेंट के नीचे विराजमान है। हाल ही में 15 दिनों के भीतर दो बार विशेषज्ञों की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से प्रतिमा के आधार और आसपास की जमीन की स्कैनिंग की है। हालांकि, जांच रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है, लेकिन इस गतिविधि के बाद श्रद्धालुओं में प्रतिमा को हटाए जाने की आशंका बढ़ गई है।

इसी आशंका के बीच भक्तों ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनसमर्थन जुटाने की पहल की है। मंदिर और आसपास लगाए गए क्यूआर कोड के जरिए श्रद्धालुओं को सीधे इंस्टाग्राम पेज से जोड़ा जा रहा है।

देशभर से उज्जैन पहुंच रहे भक्त भी जुड़े

बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंच रहे श्रद्धालु खड़े हनुमान मंदिर में भी दर्शन कर रहे हैं और डिजिटल मुहिम का समर्थन कर रहे हैं। कोलकाता से आई सुहेली राय तिवारी ने कहा कि यहां आकर उन्हें भगवान की असीम शक्ति का अनुभव हुआ। उन्होंने क्यूआर कोड के माध्यम से भक्तों को जोड़ने की पहल को मंदिर बचाने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।

वहीं, अमृतसर से आई हनुमान भक्त दीक्षा महाजन ने कहा कि मंदिर में अद्भुत सकारात्मक ऊर्जा महसूस होती है। उनके मुताबिक, क्यूआर कोड के जरिए देशभर के भक्तों को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को खड़े हनुमान मंदिर में भी दर्शन करना चाहिए।

भव्य मंदिर और हनुमान लोक बनाने की मांग

स्थानीय भक्त रामू गुरु के अनुसार, इस इंस्टाग्राम पेज से रोजाना हजारों लोग जुड़ रहे हैं। सभी की इच्छा है कि हनुमान जी की प्रतिमा इसी स्थान पर विराजमान रहे और यहां भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाए। श्रद्धालु इस स्थान पर हनुमान लोक विकसित करने की मांग भी कर रहे हैं।

दूसरी ओर, मंदिर के पुजारी महेश बैरागी ने बताया कि सोशल मीडिया पेज किसने और किस उद्देश्य से बनाया है तथा बिजली के खंभों पर क्यूआर कोड किसने लगाए हैं, इसकी उन्हें आधिकारिक जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने माना कि श्रद्धालुओं की भावनाएं इस प्राचीन मंदिर और स्थान से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!