रायपुर संभाग

नवंबर के आखिरी दिनों में बढ़ी ठिठुरन, अंबिकापुर में 8.9 डिग्री पर पहुंचा पारा; अगले 5 दिन ऐसा रहेगा मौसम

रायपुर। ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में नवंबर के अंतिम दिनों के साथ ही ठंड का असर तेज होने लगा है। आसमान साफ रहने के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर प्रदेश के उत्तरी इलाकों में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ने से लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और ठंड से जल्द राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

अंबिकापुर में 8.9 डिग्री दर्ज हुआ न्यूनतम तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को सुकमा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। उत्तरी छत्तीसगढ़ में बढ़ती ठंड का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नवंबर के आखिरी सप्ताह में ही यहां रात का तापमान काफी नीचे आ गया है।

रायपुर में भी बढ़ने लगी ठंड

राजधानी रायपुर में भी सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 28 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इससे पहले पिछले 24 घंटों में रायपुर का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा। फिलहाल किसी भी क्षेत्र के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। पांच दिनों के बाद तापमान में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।

बंगाल के आसपास चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से संबंधित क्षेत्रों में बादल बनने और बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। हालांकि, फिलहाल छत्तीसगढ़ में इसका कोई विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं जताई गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!