दिल्ली

लोकसभा और विधानसभा की सीटें 50% बढ़ाने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी, 30 नवंबर को संसद में पेश होगा बिल

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सेवातीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी गई है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था को वर्ष 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी शामिल है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार 30 नवंबर को यह महत्वपूर्ण विधेयक लोकसभा में पेश करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों से विधेयक पर चर्चा में भाग लेने और अपनी राय रखने की अपील की है।

महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर भी अहम प्रस्ताव

कैबिनेट की मंजूरी के बाद यह विधेयक महिला आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से भी जुड़ा है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में भी प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने का है।

परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस का विरोध, सांसदों को व्हिप

विधेयक को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है। पार्टी का आरोप है कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस की संसदीय रणनीति समूह की बैठक दिल्ली में प्रस्तावित है। वहीं शनिवार को विपक्षी INDIA गठबंधन के नेता भी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बैठक करेंगे। दूसरी ओर, भाजपा भी अपने लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में उपस्थित रहने के निर्देश देने की तैयारी में है।

किसी का समर्थन तो किसी का विरोध

परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच भी एकमत स्थिति नहीं है। समाजवादी पार्टी ने प्रस्ताव का विरोध किया है, जबकि डीएमके और बीआरएस ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन के संकेत दिए हैं। कांग्रेस ने इसे संविधान पर हमला बताया है।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने डीएमके को चेतावनी देते हुए कहा कि विधेयक का समर्थन करना ऐतिहासिक भूल होगी। उन्होंने इसे ‘बीजेपी जिताओ बिल’ बताते हुए आरोप लगाया कि इससे दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक ताकत प्रभावित हो सकती है।

दो-तिहाई बहुमत जुटाना सरकार के सामने चुनौती

संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। इसके लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत है। ऐसे में सरकार को अपने सहयोगी दलों के अलावा अन्य दलों का समर्थन भी जुटाना होगा।

यदि सभी 540 सांसद मतदान करते हैं तो विधेयक के पक्ष में कम से कम 360 वोट जरूरी होंगे। इस लिहाज से सरकार के लिए विपक्षी और क्षेत्रीय दलों का रुख महत्वपूर्ण हो गया है।

अब सबकी नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक पर है। परिसीमन, महिला आरक्षण और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े प्रस्तावों पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!