वैष्णव तिलक और चंदन से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में दिव्य स्वरूप के हुए दर्शन

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में 26 नवंबर, गुरुवार को अगहन माह के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि पर भगवान महाकाल की भस्म आरती संपन्न हुई। तड़के 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही बाबा महाकाल के दर्शन के लिए धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हुआ। इस दौरान भगवान का वैष्णव तिलक और चंदन से मनमोहक श्रृंगार किया गया। भव्य और दिव्य स्वरूप में सजे बाबा महाकाल के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से निर्मित पंचामृत से अभिषेक किया गया। पूजन के पश्चात भगवान का भांग, चंदन और आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया गया।

भस्म अर्पित करने से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान और पूजन किया गया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर विधि-विधान से भस्म अर्पित की गई। इसके पश्चात भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। आभूषणों और पुष्पों से सुसज्जित बाबा महाकाल का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
भस्म अर्पण के बाद निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन
धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। इसी अलौकिक परंपरा के चलते महाकाल की भस्म आरती का विशेष धार्मिक महत्व है।

सुबह की भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन कर उनके कानों में अपनी मनोकामनाएं भी व्यक्त कीं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री महाकाल’ के जयघोष से गूंज उठा।



