बिलासपुर संभाग

143 बूथों को मजबूत करने मैदान में उतरे अमर अग्रवाल, कार्यकर्ताओं को दिया घर-घर संपर्क और संगठन विस्तार का लक्ष्य

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी ने बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने मंडल पश्चिम, दक्षिण और मध्य के अंतर्गत आने वाले 143 बूथों के कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक बैठक लेकर उन्हें सक्रियता और संगठन विस्तार के निर्देश दिए। बैठक में मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने, बूथ समितियों की नियमित बैठक और पार्टी के निर्धारित कार्यक्रमों को अनिवार्य रूप से आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया।

अमर अग्रवाल ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आम नागरिकों के साथ निरंतर संपर्क में निहित है। मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने का काम जारी है। ऐसे में प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करें और जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है, उनका नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक पहल करें।

हर बूथ पर छह प्रमुख संगठनात्मक कार्यक्रम अनिवार्य

बैठक में अमर अग्रवाल ने संगठन की ओर से वर्षभर के लिए निर्धारित छह प्रमुख कार्यक्रमों को प्रत्येक बूथ पर अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक गतिविधियां केवल औपचारिकता बनकर न रह जाएं, बल्कि उन्हें नियमित और व्यवस्थित तरीके से धरातल पर उतारा जाए।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 15 से 20 तारीख के बीच मंडल पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा हर महीने के तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र स्तर पर बैठक होगी।

इन बैठकों में शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक एवं सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बूथ सचिव, बीएलए-2 और मन की बात प्रमुख की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बैठकों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।

हर महीने बूथों पर सामूहिक रूप से सुनी जाएगी ‘मन की बात’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर भी अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को हर बूथ पर बूथ समिति और स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से मन की बात कार्यक्रम सुनना सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बूथ समिति की बैठक आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाए। साथ ही कार्यक्रम से संबंधित जानकारी सरल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कर रिपोर्टिंग भी की जाए।

बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर

अमर अग्रवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती निरंतर जनसंपर्क, नियमित बैठकों और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका से ही संभव है। इसलिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष सहित 143 बूथों के सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय, संदीप दास, मनीष अग्रवाल, धीरेन्द्र केशरवानी, महेश चंद्रिकापुरे, मनीष शुक्ला, लक्ष्मीनारायण कश्यप, विजय यादव, संजय अग्रवाल, शैलेन्द्र यादव, जगदीश साव, श्रीकांत सहारे और दीपक साहू सहित 143 बूथों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!