मोहन यादव कैबिनेट के बड़े फैसले: 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी, ओंकारेश्वर में 2,278 करोड़ से बनेगा अद्वैत लोक

9 कमजोर जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ की मदद, 46 हजार से अधिक घरों तक पहुंचेगी बिजली; गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को भी हरी झंडी
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने प्रदेश के विकास, धार्मिक पर्यटन, बिजली व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर बड़े वित्तीय फैसले किए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये, सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये और मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रमुख है।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार कश्यप ने बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की है।
ओंकारेश्वर में 2,278 करोड़ से विकसित होगा अद्वैत लोक
कैबिनेट ने ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में वेदान्त पीठ की स्थापना के अंतर्गत अद्वैत लोक के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।
अद्वैत लोक को शंकर संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां हाइस्क्रीन थियेटर, माया गैलरी, लेजर लाइट, वाटर एंड साउंड शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका, शंकर स्तंभ, अन्नपूर्णा, कलाग्राम और पंचायतन मंदिर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इन माध्यमों से आदि शंकराचार्य के जीवन, उनके योगदान और अद्वैत वेदान्त दर्शन को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
देशी गायों के संरक्षण के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना
मंत्रि-परिषद ने प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उन्नत देशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया है।
इस योजना का लक्ष्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को दोगुना से अधिक करना और मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है। इसके साथ ही गिर, साहीवाल, थारपारकर और मालवी जैसी उन्नत देशी नस्लों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
योजना के पहले वर्ष 2026-27 में प्रदेश की 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक चिन्हित वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद 2027-28 से 2030-31 तक प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में प्रतियोगिता कराई जाएगी।
प्रतियोगिता में उन गोपालकों को शामिल किया जाएगा, जिनके पास भारतीय उन्नत देशी नस्ल की ऐसी दुधारू गाय है, जिसका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन कम से कम 6 लीटर हो।
तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रत्येक वृंदावन ग्राम और विकासखंड में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। पुरस्कार राशि का उपयोग देशी गोवंश के क्रय, संरक्षण और संवर्धन के लिए ही किया जाएगा। पुरस्कार प्रतिवर्ष गोवर्धन पूजा के अवसर पर वितरित किए जाएंगे।
9 कमजोर जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी 325 करोड़ की सहायता
प्रदेश के कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए कैबिनेट ने 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता मंजूर की है।
इसके तहत रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार अन्य जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सहकारी समितियों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का फैसला
मंत्रि-परिषद ने प्रदेश की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित निर्वाचन की अवधि एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया है।
सरकार के अनुसार, प्रदेश की अनकवर्ड ग्राम पंचायतों में समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है। सभी नवगठित समितियों में कामकाज शुरू नहीं होने के कारण तत्काल चुनाव कराने पर वैधानिक और प्रशासनिक कठिनाइयां पैदा हो सकती थीं।
इसी स्थिति को देखते हुए चुनाव आगे बढ़ाए गए हैं। विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव की अवधि भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
46 हजार से अधिक घरों तक पहुंचेगी बिजली, 193.72 करोड़ की मंजूरी
भारत सरकार की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत प्रदेश के 1,834 ऐसे गांवों और बसाहटों में विद्युतीकरण किया जाएगा, जहां बिजली की सुविधा से वंचित घर मौजूद हैं।
कैबिनेट ने पहले चरण में 46,574 घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी है।
इसमें केंद्र सरकार का 60 प्रतिशत यानी 116 करोड़ 24 लाख रुपये और राज्य सरकार का 40 प्रतिशत यानी 77 करोड़ 48 लाख रुपये का अंश शामिल है।
योजना के तहत वितरण कंपनियां बिजली से जुड़ी आधारभूत संरचना तैयार करेंगी। 20 से कम घरों वाली बसाहटों के विद्युतीकरण के लिए भी राज्य सरकार ने वित्तीय सहयोग देने पर सैद्धांतिक सहमति दी है।
खनिज अन्वेषण के लिए राज्य खनिज निगम बनेगा नोडल एजेंसी
मध्यप्रदेश में खनिज संसाधनों की खोज और सर्वेक्षण कार्यों को गति देने के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को नोडल एजेंसी नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है।
निगम के माध्यम से उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण, एयरबोर्न और हेलीबोर्न सर्वेक्षण, भू-भौतिकीय एवं भू-रासायनिक सर्वेक्षण तथा खनिज भंडारों की पुष्टि के लिए ड्रिलिंग जैसे कार्य कराए जाएंगे।
इन कार्यों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया से बाहरी एजेंसियों की नियुक्ति की जाएगी। प्रदेश के मध्य और पश्चिमी हिस्से में तृतीय वर्ग के क्षेत्र के सर्वेक्षण का कार्य वर्ष 2028 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं के लिए 3,059 करोड़
कैबिनेट ने सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत संचालित 23 योजनाओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।
इनमें सचिवालय व्यवस्था, लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पेंशन, मानव अधिकार आयोग को सहायक अनुदान, क्वालिटी एश्योरेंस काउंसिल और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार जैसी योजनाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त मंत्रियों के वेतन, सहायता एवं वैवेकिक अनुदान, पूर्व मुख्यमंत्रियों के मानदेय एवं भत्ते, सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी कार्य और मुख्यमंत्री निवास परिसर में एनेक्सी निर्माण के लिए भी वित्तीय प्रावधान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़
मंत्रि-परिषद ने मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान से संबंधित योजना को अगले पांच वित्तीय वर्षों तक जारी रखने के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक के लिए निर्धारित की गई है।
धार्मिक पर्यटन से लेकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था, सहकारिता, बिजली और खनिज संसाधनों तक सरकार के इन फैसलों का असर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। अब इन स्वीकृत योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से पहुंचता है, यह उनके क्रियान्वयन पर निर्भर करेगा।



