रायपुर संभाग

चक्रवाती तूफान के असर से बदला छत्तीसगढ़ का मौसम, रायपुर कोहरे की चादर में लिपटा; अगले दिनों में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। रविवार को भी एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना है। बारिश और नमी के बीच राजधानी रायपुर समेत कई शहर सुबह और रात के समय घने कोहरे की चादर में लिपटे नजर आ रहे हैं। कम दृश्यता के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर और बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आ सकती है। ऐसे में नवंबर के अंतिम दिनों में लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगेगा।

बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड की तीव्रता

प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बिलासपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। मौसम प्रणाली का प्रभाव कमजोर पड़ने और बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी।

कोहरे के आगोश में राजधानी रायपुर

राजधानी रायपुर में भी मौसम का बदला हुआ मिजाज साफ दिखाई दे रहा है। 21 नवंबर को यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहा। रविवार सुबह भी कमोबेश यही स्थिति देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है।

बिलासपुर के भैसमा में सर्वाधिक 9 सेंटीमीटर बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक बारिश बिलासपुर जिले के भैसमा में दर्ज की गई। यहां 9 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा दरपाली में 8 सेंटीमीटर, बिलासपुर, करतला और कोरबा में 7-7 सेंटीमीटर तथा दरी और पचपेड़ी में 6-6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

कम दबाव के क्षेत्र से बदला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे उत्तरी छत्तीसगढ़ और उसके आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित था। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ था।

इसी मौसमी प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। इसके कमजोर पड़ने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में बारिश के दौर के बाद छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर तेजी से बढ़ सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!