CM साय आज धरसींवा की सेवा संवाद यात्रा का करेंगे शुभारंभ, जशपुर में कीर्तन महोत्सव में भी होंगे शामिल; BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी का रायपुर दौरा आज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को रायपुर और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित 25 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद जशपुर जिले के ग्राम पमशाला में कीर्तन महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री यहां विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे। वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी भी आज रात रायपुर पहुंचेंगे। उनके स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
आज से शुरू होगी 25 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा, 144 गांवों तक पहुंचेगी
धरसींवा। विधानसभा क्षेत्र में रविवार से 25 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह करीब 11 बजे चरौदा स्थित मुक्तेश्वर मंदिर परिसर से यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा इस यात्रा के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के 144 गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे।
यात्रा का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को समझना, उनकी मांगों और शिकायतों को सुनना तथा जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। इस दौरान विभिन्न गांवों में पहुंचकर आम लोगों से संपर्क किया जाएगा।
BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी आज रात पहुंचेंगे रायपुर
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी रविवार रात करीब 9 बजे रायपुर पहुंचेंगे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उनके स्वागत की तैयारियां की गई हैं। एयरपोर्ट से बाइक रैली के माध्यम से शहर में उनका स्वागत किया जाएगा।
अपने प्रवास के दौरान डॉ. जोशी सोमवार को साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। इसके अलावा अग्रसेन भवन में युवतियों से सीधा संवाद करेंगे। वे भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भी शामिल होंगे।
रायपुर में दो दिवसीय BJYM प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार और सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा शामिल होंगे।
इसके अलावा भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर चर्चा की जाएगी।
51वीं काव्य संध्या में 51 कवि करेंगे रचनाओं का पाठ
रायपुर। राजधानी में साहित्य प्रेमियों के लिए रविवार को विशेष आयोजन होने जा रहा है। साहित्य सृजन संस्थान की ओर से अपनी मासिक श्रृंखला के तहत 51वीं काव्य संध्या आयोजित की जाएगी। सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होने वाले इस आयोजन में 51 कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। वहीं 21 कवियों और साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में शाम 6 बजे मनोचिकित्सक डॉ. प्रखर शर्मा मनोरोग विषय पर व्याख्यान देंगे। पूर्व आईएएस डॉ. संजय अलंग मुख्य अतिथि होंगे। डॉ. प्रखर शर्मा और बिलासपुर के वरिष्ठ कवि उमाशंकर मिश्र विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर अजीत शर्मा करेंगे।
नर्सिंग कॉलेजों की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए आज अंतिम मौका
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नर्सिंग कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रह जाने के कारण प्रवेश प्रक्रिया के दूसरे और तीसरे चरण की संयुक्त काउंसिलिंग यानी मॉप-अप राउंड आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश में अब भी 6,066 सीटें खाली बताई गई हैं।
इन सीटों पर प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की रविवार को अंतिम तिथि है। अभ्यर्थी 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद आवेदन का अवसर समाप्त हो जाएगा।
CM साय के धरसींवा दौरे पर कांग्रेस सौंपेगी ज्ञापन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रविवार को चरोदा और धरसींवा आगमन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगी।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सुबह 10 बजे तिवरैया ब्रिज के नीचे से चरोदा तक प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की जाएगी। यह कार्यक्रम धरसींवा विधायक अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
आज होगी राज्य मास्टर्स रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता
रायपुर। छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ की वेटरन्स टेबल टेनिस समिति की ओर से रविवार को स्वर्गीय पुरुषोत्तम भाई चावड़ा स्मृति द्वितीय राज्य मास्टर्स रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सप्रे शाला टेबल टेनिस हॉल में होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 120 खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेंगे।
पुरुष वर्ग के मुकाबले 40, 50, 60, 65 और 70 वर्ष आयु वर्ग में होंगे, जबकि महिला वर्ग में 40 और 60 वर्ष आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता लीग पद्धति से खेली जाएगी।
छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के सचिव सार्थक शुक्ला के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी अनिल चावड़ा करेंगे। प्रतियोगिता के मुकाबले रविवार सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे।



