मध्यप्रदेश

33 साल नौसेना में सेवा के बाद अब नशामुक्ति का संकल्प, साइकिल से 3,000 KM की नर्मदा परिक्रमा पर निकले रिटायर्ड कैप्टन

बिना किसी सपोर्ट व्हीकल के अकेले पूरी करेंगे यात्रा, चार सप्ताह में लक्ष्य हासिल करने की तैयारी; गांवों, कस्बों और शिक्षण संस्थानों में युवाओं को देंगे ‘नशामुक्त भारत–सशक्त भारत’ का संदेश

जबलपुर ( शिखर दर्शन ) // देश की समुद्री सीमाओं की 33 वर्षों तक रक्षा करने के बाद अब एक पूर्व नौसेना अधिकारी ने समाज को नशे की गिरफ्त से बचाने का बीड़ा उठाया है। भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त कैप्टन दुष्मन्त कुमार जेना साइकिल से लगभग 3,000 किलोमीटर लंबी नर्मदा परिक्रमा पर निकल पड़े हैं। उनकी इस यात्रा की खास बात यह है कि वे बिना किसी सहायक वाहन और बाहरी सपोर्ट के अकेले ही यह चुनौतीपूर्ण सफर पूरा करेंगे। इसके लिए उन्होंने चार सप्ताह का लक्ष्य निर्धारित किया है।

नर्मदा परिक्रमा के जरिए युवाओं को करेंगे जागरूक

मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले कैप्टन दुष्मन्त कुमार जेना नौसेना में 33 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी सेवा के अंतिम दो वर्ष जबलपुर में बीते। कैप्टन जेना का कहना है कि गांवों से लेकर शहरों और शिक्षण संस्थानों तक युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। इसी समस्या के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उन्होंने यह अभियान शुरू किया है।

नर्मदा परिक्रमा के दौरान वे रास्ते में पड़ने वाले गांवों, कस्बों और शहरों में लोगों से संवाद करेंगे। खासतौर पर युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उनके अभियान का मूल संदेश है—‘नशामुक्त भारत–सशक्त भारत’।

कन्याकुमारी से कश्मीर तक भी कर चुके हैं साइकिल यात्रा

साइकिल के माध्यम से जनजागरूकता फैलाने का कैप्टन जेना का यह पहला अभियान नहीं है। वर्ष 2024 में वे कन्याकुमारी से कश्मीर तक लगभग 3,980 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर चुके हैं। उस यात्रा के जरिए उन्होंने शाकाहार अपनाने और साइकिल चलाने के स्वास्थ्य संबंधी लाभों का संदेश दिया था।

चार सप्ताह में पूरी करेंगे 3,000 किलोमीटर की चुनौती

कैप्टन जेना ने इस बार नर्मदा परिक्रमा के लिए लगभग चार सप्ताह का समय तय किया है। बिना किसी सपोर्ट व्हीकल के अकेले इतनी लंबी दूरी तय करना अपने आप में बड़ी चुनौती है। उनकी इस पहल को जबलपुर के स्थानीय नागरिकों, परिचितों और शुभचिंतकों ने सराहा है। यात्रा पर रवाना होने से पहले लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया और सफल अभियान की शुभकामनाएं दीं।

कैप्टन जेना की यह पहल बताती है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी देशसेवा का जज्बा नए रूप में जारी रह सकता है। कभी समुद्री सीमाओं की सुरक्षा करने वाले नौसेना के इस पूर्व अधिकारी ने अब समाज को नशामुक्त बनाने को अपना मिशन बनाया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!