मध्यप्रदेश

पहाड़ों में बर्फबारी से मध्यप्रदेश में बढ़ी ठिठुरन, कहीं शीतलहर तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट; जानें मौसम का हाल

भोपाल में 9 डिग्री तक लुढ़का रात का पारा, शाजापुर में सबसे कम तापमान; पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्यप्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई देने लगा है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मौसम की स्थिति यह है कि प्रदेश के एक हिस्से में शीतलहर का असर है, तो दूसरे हिस्से में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 21 नवंबर को कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

शाजापुर में सबसे कम तापमान, भोपाल में 9 डिग्री पर पहुंचा पारा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान शाजापुर में 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में भी रात का पारा गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री कम रहा। यहां अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान खंडवा में 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भोपाल संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री तक नीचे रहा। वहीं इंदौर और उज्जैन संभाग में भी रात का तापमान सामान्य से 3.1 से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

कहीं शीतलहर तो कहीं बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मौसम बदल सकता है।

रीवा, सतना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में बादल छाने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दूसरी ओर प्रदेश के मध्य और पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के साथ ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है। राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

किसानों के लिए सलाह, कटाई-मड़ाई के दौरान रखें विशेष सावधानी

मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को कृषि कार्यों की योजना मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार बनाने की सलाह दी गई है। जिन किसानों की धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है, उन्हें कटाई और मड़ाई के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

सुबह के समय धुंध छाने और हवाओं की गति 14 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। ऐसे में किसानों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और बारिश की संभावना वाले समय में कटी हुई फसल को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!