रायपुर संभाग

जनजातीय गौरव दिवस में शामिल होंगे CM साय, धान खरीदी का आगाज, छठ का संध्या अर्घ्य और संग्रहालयों में मुफ्त प्रवेश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज रविवार, 15 नवंबर का दिन कई महत्वपूर्ण आयोजनों के नाम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ और जशपुर जिले में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं, प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान भी आज से शुरू हो रहा है। इसके अलावा छठ महापर्व के तहत आज शाम व्रती डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के दोनों प्रमुख जनजातीय संग्रहालयों में आम नागरिकों के लिए प्रवेश भी निःशुल्क रखा गया है।

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 7:15 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन से रवाना होंगे। सुबह 8:25 बजे रायगढ़ जिले के चिरईपाली स्थित ओपी जिंदल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 9:50 बजे धरमजयगढ़ कॉलेज ग्राउंड पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:10 बजे रायगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:50 बजे जशपुर जिले के ग्राम आरा स्थित हाईस्कूल मैदान पहुंचेंगे। यहां दोपहर 2 बजे आईटीआई आरा में प्रचेत नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 3:40 बजे तपकरा रेस्ट हाउस पहुंचेंगे और शाम 5 बजे छठ घाट पर आयोजित छठ महापर्व के कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 6:30 बजे ग्राम बगिया स्थित अपने निज निवास पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

आज से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान 15 नवंबर से शुरू हो रहा है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशभर के धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की शुरुआत होगी।

सरकार ने इस वर्ष 27.50 लाख से अधिक किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में 3100 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इस वर्ष 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बीते तीन वर्षों में प्रदेश में लगभग 437 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है और किसानों को करीब 1.50 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ दौरा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को प्रदेश भाजपा के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

छठ महापर्व पर आज डूबते सूर्य को दिया जाएगा संध्या अर्घ्य

छत्तीसगढ़ में छठ महापर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। प्रदेश के विभिन्न शहरों में घाटों और तालाबों पर विशेष तैयारियां की गई हैं। आज 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

राजधानी रायपुर में महादेव घाट, व्यास तालाब सहित 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन किए जा रहे हैं। महादेव घाट पर आज शाम 4 बजे से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें देश के विभिन्न शहरों से आए लोक कलाकार छठ गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेंगे।

छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं प्रयागराज से आई टीम अंतरराष्ट्रीय नृत्य नाटिका और आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करेगी। संध्या अर्घ्य के अवसर पर महादेव घाट में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।

नवा रायपुर के जनजातीय संग्रहालयों में आज मुफ्त प्रवेश

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन ने आम नागरिकों और प्रवासियों को विशेष सौगात दी है। रविवार, 15 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रदेश के दोनों प्रमुख जनजातीय संग्रहालयों में सभी के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराना है। संग्रहालयों में पहुंचकर लोग जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत और जीवनशैली को करीब से जान सकेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!