CM साय ने सिंगापुर में अधिकारियों के साथ की बैठक, बोले- पर्यटन बढ़ने के साथ सैकड़ों लोगों के लिए रोजगार के अवसर होंगे तैयार
नवा रायपुर में बनेगा आधुनिक बॉटनिकल गार्डन! सिंगापुर के ‘गार्डन्स बाय द बे’ से सीख लेकर छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा हरित क्षेत्र

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल के साथ सिंगापुर के प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बागवानी, संरक्षण, शहरी हरित क्षेत्र और इको-टूरिज्म के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
‘गार्डन्स बाय द बे’ से सीख लेकर नवा रायपुर में विकास की तैयारी
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बैठक की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल ने ‘गार्डन्स बाय द बे’ के जीएम, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और निदेशक लिम चियाप सोंग के साथ विभिन्न विषयों पर औपचारिक चर्चा की।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सिंगापुर के इस प्रमुख हरित क्षेत्र के विकास मॉडल से मिली सीख का इस्तेमाल नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में बेहतर हरित क्षेत्र तैयार करने में किया जा सकता है।
पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने पर जोर
CM साय ने कहा कि आधुनिक बॉटनिकल गार्डन और बेहतर हरित क्षेत्र विकसित होने से छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के अनुभव को छत्तीसगढ़ के लिए उपयोगी बताते हुए हरित विकास और इको-टूरिज्म को आगे बढ़ाने की बात कही।
SINGForum2026 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा नामित किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ को पहली बार #SINGForum2026 में भाग लेने का अवसर मिला है। उन्होंने इसे राज्य के लिए गौरव का विषय बताया।
सिंगापुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल का फोकस निवेश के साथ-साथ शहरी विकास, हरित क्षेत्र, पर्यटन और रोजगार से जुड़े संभावित सहयोग पर भी है।



