रायपुर संभाग

1000 रुपये के विवाद में युवक की हत्या, जंगल में फेंका शव; आरोपी गिरफ्तार

जशपुर ( शिखर दर्शन ) // बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरगुम में मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान और हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। मृतक की पहचान विमड़ा निवासी राजेश दास के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में कृष्णा उर्फ कैलाश यादव (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच मोबाइल फोन के 1,000 रुपये बकाया को लेकर विवाद चल रहा था।

1000 रुपये के विवाद में सिर पर किया वार

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कृष्णा उर्फ कैलाश यादव ने राजेश दास के सिर पर लकड़ी के फाड़े से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल क्षेत्र में टेकरी के पीछे ले जाकर फेंक दिया।

जंगल में मिला था युवक का शव

23 सितंबर को जुरगुम-तुर्रापानी के जंगल में रपटा पुलिया के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। शव के सिर के पीछे चोट के निशान पाए गए थे। चेहरा क्षतिग्रस्त होने के कारण शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों, परिजनों और परिचितों से पूछताछ शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच का आधार बनाया। जांच के दौरान पुलिस का संदेह कृष्णा उर्फ कैलाश यादव पर गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

साक्ष्य मिटाने की कोशिश का भी आरोप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने की कोशिश की जानकारी दी। पुलिस का दावा है कि घटना में इस्तेमाल लकड़ी का फाड़ा और मृतक का मोबाइल नदी में फेंक दिया गया था। घटना के समय पहने कपड़ों को भी ठिकाने लगाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसकी लाल रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है।

हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या और धारा 238 के तहत साक्ष्य मिटाने के आरोप में कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!