मध्यप्रदेश

रक्षाबंधन के दिन दर्दनाक हादसा: बाइक-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत, मासूम समेत 4 की मौत

बाजार से घर लौट रहा था परिवार, हादसे में दो बच्चियों और नाना की गई जान; बाइक सवार युवक ने भी अस्पताल में दम तोड़ा

रीवा ( शिखर दर्शन ) // रक्षाबंधन के दिन मध्य प्रदेश के रीवा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के पर्व को मातम में बदल दिया। गुढ़ थाना क्षेत्र के भैरव बाबा मंदिर रोड पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो मासूम बच्चियों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━

जानकारी के अनुसार चौड़ियार गांव निवासी 58 वर्षीय विंध्यवासिनी तिवारी अपनी दो नातिनों 5 वर्षीय शिवि और 6 वर्षीय शक्ति के साथ स्कूटी पर सवार होकर बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर मासूम ने तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि 5 वर्षीय शिवि की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी बहन शक्ति और नाना विंध्यवासिनी तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार 22 वर्षीय पंकज सिंह सहित दो अन्य युवक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए।

इलाज के दौरान तीन और मौतें

घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 6 वर्षीय शक्ति, विंध्यवासिनी तिवारी और बाइक सवार 22 वर्षीय पंकज सिंह ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। रक्षाबंधन के दिन एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!