रक्षाबंधन पर मातम में बदली खुशियां: बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचा युवक खारुन नदी में डूबा, तलाश जारी

महादेव घाट में अस्थि विसर्जन के बाद नहाते समय हादसा, एनीकट के नीचे बने भंवर में फंसा युवक
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // रक्षाबंधन के पावन पर्व पर राजधानी रायपुर में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। महादेव घाट पर बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की खारुन नदी में नहाते समय डूबने से तलाश जारी है। युवक एनीकट के नीचे बने भंवर की चपेट में आ गया। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
रायपुरा के सतनामी पारा निवासी युधिष्ठिर सारंग अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए अपने जीजा और अन्य परिजनों के साथ महादेव घाट पहुंचे थे। परिवार ने विधि-विधान से अस्थियों का विसर्जन किया। इसके बाद युधिष्ठिर नदी में नहाने के लिए उतर गए।

तेज बहाव के बीच भंवर में फंसे
बताया जा रहा है कि नहाते समय युधिष्ठिर अचानक गहरे पानी की ओर चले गए। खारुन नदी में पानी का बहाव तेज था और एनीकट के नीचे भंवर बना हुआ था। इसी भंवर की चपेट में आने के बाद वह देखते ही देखते पानी में डूब गए।
परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा।
गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को नदी में उतारा गया है। पुलिस और बचाव दल लगातार अभियान चला रहा है, लेकिन फिलहाल युधिष्ठिर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घाट पर परिवार बहन की अंतिम विदाई की रस्म पूरी करने पहुंचा था, वहीं भाई के डूबने से पूरा परिवार सदमे में है।



