बिलासपुर संभाग

शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने आईजी ने किया औचक निरीक्षण, हेलमेट और ITMS पर सख्ती के निर्देश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने सोमवार को यातायात थाना बिलासपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा, ITMS के प्रभावी इस्तेमाल, हेलमेट जागरूकता, नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, ट्रैफिक हॉटस्पॉट और सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, उप पुलिस अधीक्षक यातायात शिवचरण सिंह परिहार समेत यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ने प्रस्तुतीकरण के जरिए शहर के प्रमुख चौराहों, जाम वाले स्थानों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी दी।

ITMS के चालान और लंबित मामलों की समीक्षा

आईजी रामगोपाल गर्ग ने 1 जनवरी 2026 से अब तक ITMS के जरिए किए गए चालानों और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ITMS तकनीक का अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण उपयोग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि तकनीक के जरिए यातायात नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि शहर की सड़कों पर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

हेलमेट को लेकर चलाया जाएगा व्यापक अभियान

सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण के दौरान दोपहिया वाहन चालकों की मौत का एक प्रमुख कारण सिर में गंभीर चोट सामने आने पर आईजी ने जिलेभर में हेलमेट को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल यातायात नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं। इसलिए लोगों को इनके इस्तेमाल के लिए लगातार जागरूक किया जाए।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए 4-E रोड सेफ्टी मॉडल को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश भी दिए गए। इसमें ट्रैफिक इंजीनियरिंग, ट्रैफिक एजुकेशन, ट्रैफिक एनफोर्समेंट और ट्रैफिक इमरजेंसी सर्विसेज पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

नाबालिग वाहन चालकों पर होगी सख्ती

आईजी ने नाबालिगों के वाहन चलाने पर प्रभावी रोक लगाने के लिए स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, मॉल, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को यातायात नियमों की जानकारी देने को कहा गया।

हाईवे पर अवैध और खतरनाक तरीके से खड़े ट्रकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का दोबारा निरीक्षण कर जरूरी सुधार कराने और व्यस्त चौराहों पर जाम की समस्या दूर करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

10 हजार से ज्यादा मवेशियों को लगाए गए रेडियम बैंड

बैठक में आवारा मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों की भी समीक्षा की गई। यातायात पुलिस ने बताया कि नेहरू चौक से हाईकोर्ट और भोजपुरी मार्ग तक मवेशियों की अधिक मौजूदगी वाले ग्रे स्पॉट चिन्हित किए गए हैं।

अब तक 10 हजार से अधिक मवेशियों को रेडियम रिफ्लेक्टिव बैंड लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा सड़कों पर 61 ‘Cattle on Road’ बोर्ड लगाए गए हैं। बेलमुंडी और रतनपुर में शेल्टर की व्यवस्था के साथ 1033 और 1100 हेल्पलाइन भी संचालित की जा रही है। आईजी ने इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

हेलमेट अनिवार्यता अभियान की भी समीक्षा

बिलासपुर रेंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘यातायात जागरूकता एवं हेलमेट अनिवार्यता महाअभियान’ के तहत जारी एसओपी की भी समीक्षा की गई। अभियान के तहत ‘हेलमेट/सीट बेल्ट लगाकर रखें, दुर्घटना से होने वाली मौतों से मुक्त रहें’ संदेश के साथ गांव से लेकर ब्लॉक स्तर तक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

आईजी ने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने और इसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

तीन नए यातायात थाने जल्द शुरू करने की तैयारी

बैठक में शासन की 18 मई 2024 की अधिसूचना के तहत स्वीकृत तीन नए यातायात थानों सरकंडा, तिफरा और लिंक रोड बिलासपुर को जल्द शुरू करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। आईजी ने इनके शीघ्र संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस जवानों की तैनाती के लिए व्यावहारिक ड्यूटी रोस्टर बनाने और राजपत्रित अधिकारियों तथा टैंगो टीमों के बीच बेहतर कार्य-विभाजन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना और आम नागरिकों के लिए सुगम व सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए जागरूकता और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि समीक्षा बैठक में मिले निर्देशों के आधार पर बिलासपुर शहर की यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!