बिलासपुर संभाग

सफाई व्यवस्था पर कलेक्टर की सख्ती, कचरा डंपिंग रोकने और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माने के निर्देश

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // शहर की सफाई व्यवस्था और कचरे के उचित निपटारे की हकीकत जानने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने रविवार को जांजगीर-नैला नगर पालिका क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग वार्डों में स्थित एसएलआरएम केंद्रों और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कचरा डंपिंग को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने खोखरा सहित वार्ड क्रमांक 1, 4 और 18 के एसएलआरएम केंद्रों का निरीक्षण कर कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की स्थिति देखी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जहां सुधार की जरूरत दिखाई दी, वहां तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसएलआरएम सेंटर में कचरा डंप करने पर रोक

खोखरा स्थित एसएलआरएम केंद्र में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां खुले तौर पर कचरा जमा करने की व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि सेंटर में नए कचरे की डंपिंग नहीं की जाए। पहले से जमा कचरे का भी शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि शहर में कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए सबसे जरूरी है कि कचरे को घर और दुकान से निकलते समय ही अलग-अलग किया जाए। इससे उसके संग्रहण और निस्तारण की प्रक्रिया आसान होगी।

बिना छंटाई का कचरा लेने पर भी रोक

कलेक्टर ने नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुकानों, बाजारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से बिना पृथक्करण किया हुआ कचरा स्वीकार न किया जाए। नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों को पहले समझाइश दी जाए और इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए।

उन्होंने व्यावसायिक इलाकों में नियमित निगरानी के साथ निर्धारित वाहनों से ही कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता दीदियों से जानी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसएलआरएम केंद्रों में काम करने वाली स्वच्छता दीदियों से बातचीत की। उन्होंने कचरा संग्रहण और पृथक्करण के दौरान आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी ली।

कलेक्टर ने स्वच्छता कार्य में जुटी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने ग्लव्स, मास्क, सुरक्षा जूते सहित जरूरी सुरक्षा सामग्री नियमित रूप से उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने को कहा।

वार्ड 18 में घर-घर कचरा संग्रहण की जांच

इसके बाद कलेक्टर वार्ड क्रमांक 18 पहुंचे, जहां उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था देखी। उन्होंने मौके पर काम कर रही टीम से कचरा उठाने की प्रक्रिया की जानकारी ली और यह भी देखा कि घरों से कचरा निर्धारित तरीके से अलग-अलग लिया जा रहा है या नहीं।

कलेक्टर ने शहरवासियों से भी स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित चार श्रेणियों में अलग करके ही कचरा संग्रहण टीम को दिया जाए। साथ ही सड़क, नाली और खुले स्थानों पर कचरा नहीं डालने की अपील की।

नगर पालिका को नियमित निगरानी के निर्देश

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के अधिकारियों को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, नियमित घर-घर संग्रहण, बाजारों की सफाई और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद दिनेश राठौर, अनुविभागीय अधिकारी सुब्रत प्रधान सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!