बिलासपुर संभाग

थाने की हिरासत से शराब तस्करी का आरोपी फरार, निगरानी में तैनात आरक्षक निलंबित

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस हिरासत की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। मुलमुला थाना में अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया। आरोपी के भागने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने उसे निलंबित कर दिया है।

अवैध शराब बिक्री के मामले में पकड़ा गया था आरोपी

पुलिस के अनुसार फनेंद्र सिंह को अमोरा गांव में अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे मुलमुला थाना लाकर पुलिस कस्टडी में रखा गया था। आरोपी की निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को दी गई थी।

बताया गया है कि 22 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच आरोपी थाना परिसर से फरार हो गया। कुछ समय बाद आरोपी के कस्टडी में नहीं होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

लापरवाही पर आरक्षक निलंबित

मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आरोपी की निगरानी में तैनात आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया के खिलाफ कार्रवाई की। आरक्षक को निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध कर दिया गया है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपी आखिर पुलिस कस्टडी से किस तरह बाहर निकलने में सफल हुआ, इसे लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!