दुर्ग संभाग

दुर्ग में स्वाइन फ्लू की दस्तक: 2 साल 11 माह की बच्ची H1N1 पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बरसात के मौसम में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 माह की बच्ची की जांच रिपोर्ट में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है। बच्ची का अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।

दो दिन से था तेज बुखार, जांच में निकली संक्रमित

जानकारी के अनुसार बच्ची को करीब दो दिन से तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षण थे। हालत को देखते हुए परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए बच्ची की आरटी-पीसीआर जांच कराई।

जांच रिपोर्ट आने के बाद बच्ची के H1N1 संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी गई।

घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम

मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बच्ची के घर और आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्ची के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें से किसी में संक्रमण के लक्षण तो नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

छोटे बच्चों को संक्रमण का खतरा ज्यादा

डॉक्टरों के अनुसार पांच साल से कम उम्र के बच्चों में फ्लू के कारण गंभीर बीमारी का खतरा अपेक्षाकृत अधिक रहता है। H1N1 संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बातचीत के दौरान निकलने वाली सूक्ष्म बूंदों के जरिए फैल सकता है।

भीड़भाड़ और बंद स्थानों पर संक्रमण फैलने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बच्चों में बुखार, खांसी या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!