स्कूल से घर लौटते समय घोंघा नदी में बह गए तीन मासूम, एक का शव मिला; दो बच्चों की तलाश जारी

तखतपुर ( शिखर दर्शन ) // तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में दर्दनाक हादसा सामने आया है। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी पार करते समय अचानक आए तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल नदी में बच्चों की तलाश शुरू की। कई घंटे चले अभियान के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश जारी है।

नदी में पानी कम था, अचानक बढ़ा बहाव
जानकारी के अनुसार समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। घर जाने के लिए तीनों बच्चे घोंघा नदी पार कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि उस समय नदी में पानी ज्यादा नहीं था। बच्चे नदी पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज बहाव आया और तीनों उसकी चपेट में आकर बह गए।
तीनों बच्चों की पहचान अनमोल जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल, स्तुति जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल और शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल के रूप में हुई है।
खबर मिलते ही नदी किनारे उमड़ी भीड़

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया गया।
कई घंटे की तलाश के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो बच्चों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। लापता बच्चों की तलाश में नदी के आसपास लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
एसडीआरएफ करेगी लापता बच्चों की तलाश
थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर घर लौट रहे थे। नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने के कारण तीनों बच्चे बह गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस और ग्रामीणों की टीम ने तत्काल तलाश शुरू की, जिसमें एक बच्चे का शव बरामद हुआ है। लापता दोनों बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम जल्द गांव पहुंचकर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
तीन बच्चों के नदी में बहने की खबर के बाद समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ लगातार मौजूद है और सभी लापता दोनों बच्चों के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
फिलहाल पुलिस प्रशासन, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम के सामने दोनों मासूमों को तलाशने की चुनौती है।



