रायपुर संभाग

ब्लू वाटर में 77 घंटे बाद खत्म हुआ इंतजार: पानी की सतह पर आया आदिल का शव, रेस्क्यू टीम ने निकाला बाहर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // नया रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में डूबे युवक आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार देर रात शव पानी की सतह पर दिखाई दिया, जिसके बाद सर्चिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला। तीन दिन से चल रहे रेस्क्यू अभियान के बाद शव मिलने से परिजनों का इंतजार खत्म हुआ।

तीन दिन तक SDRF-NDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

बुधवार को हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार युवक की तलाश में जुटी थीं। पानी की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को शव तलाशने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिला प्रशासन की टीम भी लगातार अभियान की निगरानी कर रही थी, लेकिन तीन दिनों तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।

शनिवार देर रात अचानक शव पानी के ऊपर दिखाई दिया। सूचना मिलते ही सर्चिंग टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था आदिल

मौदहापारा निवासी करीब 24 वर्षीय आदिल खान, पिता नासिर खान, बुधवार शाम तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर घूमने गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर शर्त लग गई।

इसके बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। तैरते समय आदिल अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और कुछ ही देर में डूब गया। दोस्तों ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों और प्रशासन को दी, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया था।

करीब 77 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार रात आदिल का शव मिलने से अभियान समाप्त हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!