बिलासपुर संभाग

5-5 लाख की सुपारी , मॉर्निंग वॉक पर जानलेवा हमला: पुलिस ने फरार आरोपी को दबोचा , हत्या की साजिश की परतें खुलीं

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति पर हत्या की नीयत से किए गए जानलेवा हमले के मामले में तारबाहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी साहिल सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को हत्या के लिए 5-5 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था।

इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की साजिश और इसके पीछे शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच तेज कर दी गई है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान घेरकर किया था हमला

घटना 4 जुलाई 2026 की सुबह की है। श्याम कश्यप करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जब वह रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे तो मुंह पर कपड़ा बांधे तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और फिर डंडे व नुकीली वस्तु से हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर तारबाहर थाने में अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस और साइबर टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई और जांच को आगे बढ़ाया।

पूछताछ में खुला 5-5 लाख की सुपारी का राज

पुलिस द्वारा पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी नितिन टेकाम और विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ के दौरान हत्या की कथित साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने बिलासपुर के एक व्यक्ति की हत्या के लिए आरोपियों को 5-5 लाख रुपये देने का लालच दिया था।

इसके बाद नितिन टेकाम, विधि से संघर्षरत बालक और साहिल सोनकर बजाज पल्सर मोटरसाइकिल से बिलासपुर पहुंचे। पुलिस के अनुसार दीपक तिवारी भी बिलासपुर आया था और उसके इशारे पर श्याम कश्यप पर हमला किया गया।

घर पहुंचते ही फरार आरोपी को दबोचा

वारदात के बाद से आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर फरार था। तारबाहर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आने वाला है।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर श्याम कश्यप पर डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है।

आरोपी आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर, उम्र 23 वर्ष, निवासी समता नगर, गौरेला, थाना गौरेला, जिला जीपीएम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

साजिश के पीछे और कौन, पुलिस कर रही जांच

पुलिस अब हत्या की कथित साजिश के पीछे शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपियों से भी पूछताछ जारी है।

कार्रवाई में तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी, उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक महेंद्र सोनकर, आरक्षक रूपलाल चंद्रा, आरक्षक भागीरथी गेदले और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!