छतरपुर में एक ही परिवार के 3 बच्चों की संदिग्ध मौत: आलू-बैंगन की सब्जी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, पुलिस ने कब्र खोदकर निकाले शव

छतरपुर ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक ही परिवार के तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतकों में 9 माह की बच्ची, 5 साल की बच्ची और 9 साल की बच्ची शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक तीनों ने रात में आलू-बैंगन की सब्जी खाई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालांकि बच्चों की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
मामला मातगांव थाना क्षेत्र के पिपुरा गांव का है। शुक्रवार देर रात 9 माह की चाहत, 5 साल की मनीषा और 9 साल की पूनम की तबीयत अचानक खराब हुई। परिजनों ने बच्चों को प्राथमिक उपचार दिलाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। इसके बाद परिजनों ने तीनों के शवों को दफना दिया।
पुलिस ने कब्र से निकलवाए तीनों शव
घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को मिलने के बाद टीम गांव पहुंची। मामले की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को कब्र से बाहर निकलवाया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर बच्चों की मौत की वजह पता लगाने में जुटी है।
सब्जी से मौत या कोई और वजह, जांच के बाद होगा खुलासा
परिजनों ने आलू-बैंगन की सब्जी खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने की बात कही है, लेकिन अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि मौत का कारण वही भोजन था। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है। इसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।



