रायगढ़ में IG का वार्षिक निरीक्षण: पुलिसिंग में तकनीक और पारदर्शिता पर जोर, जवानों के कल्याण को बताया प्राथमिकता

रायगढ़ ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर रायगढ़ पहुंचे। उन्होंने जिला पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कामकाज की समीक्षा करने के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। IG ने फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देने और नए आपराधिक कानूनों के तहत तकनीक तथा CCTNS के बेहतर इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया।
पुलिस कार्यालय की शाखाओं की बारीकी से समीक्षा
जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान IG राम गोपाल गर्ग ने शाखावार कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस कार्यालय पूरे जिले की पुलिसिंग का नियंत्रण केंद्र है और यहां के कामकाज की दक्षता का सीधा असर मैदानी पुलिसिंग पर पड़ता है।

उन्होंने पुलिसकर्मियों के वेतन, देयक, अवकाश और अन्य कल्याणकारी मामलों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ऑडिट, चिटफंड मामलों की प्रगति, ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट रखने और कार्यालय में मिलने वाली शिकायतों के त्वरित निराकरण की भी समीक्षा की। शासकीय वाहनों और अन्य सरकारी संपत्तियों के रखरखाव पर भी ध्यान देने को कहा।
नए कानूनों में डिजिटल व्यवस्था का बेहतर इस्तेमाल करने के निर्देश
IG ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में CCTNS की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ई-साक्ष्य, ई-समन और ई-फॉरेंसिक जैसी डिजिटल प्रक्रियाओं की जानकारी देने के लिए नियमित प्रशिक्षण पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने से मामलों के निराकरण में तेजी के साथ पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिले में प्राप्त शिकायतों और अपराधों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। IG ने अधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेने और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई से आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होता है।
राजपत्रित अधिकारियों से कानून-व्यवस्था पर चर्चा
इसके बाद IG ने जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें अनुविभागवार कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, अपराधों की रोकथाम और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिसिंग की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार काम करने के निर्देश दिए गए।
थाना चक्रधरनगर का किया औचक निरीक्षण
देर शाम राम गोपाल गर्ग ने थाना चक्रधरनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान SSP शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और CSP मयंक मिश्रा मौजूद रहे। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा और थाना स्टाफ ने IG का स्वागत किया।
IG ने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनके काम और जिम्मेदारियों की जानकारी ली। उन्होंने विवेचक कक्ष, मालखाना, CCTNS कक्ष, हेल्प डेस्क, शिकायतकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के लिए बैठक व्यवस्था तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया।
ऑनलाइन रोजनामचा व्यवस्था की सराहना
CCTNS कक्ष में IG ने ऑनलाइन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। थाना चक्रधरनगर में ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की व्यवस्था की उन्होंने विशेष रूप से सराहना की।
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि रायगढ़ जिले के सभी थानों में CCTNS के जरिए ऑनलाइन रोजनामचा दर्ज किया जा रहा है और लंबे समय से मैनुअल रोजनामचा लेखन बंद है। IG ने पुलिसिंग में तकनीक के ऐसे इस्तेमाल को प्राथमिकता देने कहा, जिससे कामकाज में पारदर्शिता बढ़े और आमजन का भरोसा मजबूत हो।
निरीक्षण के अंत में थाना चक्रधरनगर की ओर से IG राम गोपाल गर्ग को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
पत्रकारों से बोले- हर मामले का समयबद्ध निराकरण जरूरी
पत्रकारों से चर्चा में IG राम गोपाल गर्ग ने बताया कि वे रायगढ़ जिले के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि रायगढ़, बिलासपुर रेंज का बिलासपुर के बाद दूसरा सबसे बड़ा जिला है और यहां पुलिसिंग की चुनौतियां भी अलग हैं।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से पारदर्शिता, डिजिटल तकनीक और टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक मामले का शत-प्रतिशत समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
IG ने रायगढ़ पुलिस की नियंत्रण व्यवस्था और पुलिसिंग के लिए SSP शशि मोहन सिंह की सराहना भी की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावी अपराध नियंत्रण, तकनीक के बेहतर इस्तेमाल, शिकायतों के त्वरित निराकरण और आमजन केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।



