रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में मानसून बरसाएगा जोर, अगले 7 दिन कई इलाकों में भारी बारिश के आसार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में सावन माह के समापन तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान जगदलपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम में सक्रिय हैं कई सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा से होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।

उत्तरी ओडिशा और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां सक्रिय हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है। शनिवार को मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

रायपुर में सुबह से बदला मौसम

रायपुर शहर में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने 22 अगस्त को राजधानी में सामान्यतः बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

इन इलाकों में हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेंटीमीटर, डोंगरगढ़ में 3 सेंटीमीटर तथा जनकपुर भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इन जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का यलो अलर्ट

शनिवार को सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!