Blog

राहुल गांधी के साथ प्रियंका भी धरने पर बैठीं, संसद मार्ग थाने के बाहर बढ़ा सियासी तनाव

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) //

पैलेट गन मामले में एफआईआर की मांग, पीड़ित साहिल को साथ लेकर थाने पहुंचे राहुल गांधी

दिल्ली में कथित पैलेट गन मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को प्रदर्शन में घायल हुए बताए जा रहे साहिल को साथ लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे और मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस की ओर से तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने पर राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस नेता जयराम रमेश भी धरने पर बैठे हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान साहिल को पैलेट गन से चोट लगी थी। उन्होंने कहा कि साहिल के शरीर में 200 से अधिक छर्रे हैं, जबकि तीन छर्रे उसकी आंख में लगे हैं और उसकी आंख की रोशनी चली गई है। राहुल गांधी ने कहा कि कुछ छर्रे उसके दिल के पास भी हैं, जिन्हें निकाला नहीं जा सकता।

राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मांग केवल एफआईआर दर्ज करने की है। उनका आरोप है कि पुलिस की ओर से कहा गया है कि ऊपर से आदेश होने के कारण एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, वे धरने से नहीं हटेंगे।

थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़, सुरक्षा बढ़ाई गई

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के धरने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता संसद मार्ग थाने के बाहर पहुंचने लगे। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। थाने के अंदर रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से नारेबाजी भी की गई।

जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी ने 14 अगस्त को दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। इसके बाद 17 अगस्त को ईमेल और फोन के माध्यम से भी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की गई थी। कांग्रेस का आरोप है कि शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

वहीं दिल्ली पुलिस का कहना है कि 20 जुलाई के प्रदर्शन से जुड़े मामलों की जांच अपराध शाखा कर रही है। पुलिस के अनुसार, राहुल गांधी की शिकायत प्राप्त कर ली गई है और उसे जांच के लिए संबंधित जांच अधिकारी को भेजा जाएगा। पुलिस ने यह जानकारी राहुल गांधी को भी दी है।

कांग्रेस ने कहा- न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा

कांग्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए कहा है कि साहिल को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी ने एफआईआर दर्ज करने की मांग दोहराते हुए कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

राहुल गांधी के धरने को लेकर दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी और अपनी पार्टी की राजनीतिक अहमियत बनाए रखने के लिए ऐसे विरोध प्रदर्शनों के जरिए सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दूसरे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के प्रदर्शन कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!