बिलासपुर संभाग

“ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” को बड़ी सफलता: बिहार का कुख्यात ‘पेपर गैंग’ बेनकाब, चलती ट्रेनों से लाखों की चोरी करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में बिहार के मुंगेर जिले के कुख्यात ‘पेपर गैंग’ से जुड़े सात शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह चलती ट्रेनों में यात्रियों के प्लास्टिक बॉक्स और बैग से लाखों रुपये के आभूषण व कीमती सामान चोरी करने के लिए कुख्यात माना जाता है।

जांच के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 58214 बिलासपुर–रायगढ़ पैसेंजर में रायगढ़ निवासी यात्री नारायण पीवी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उनके बैग से लगभग 2.74 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरपीएफ अपराध आसूचना शाखा (बिलासपुर) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बिलासपुर, जयरामनगर, अकलतरा, नैला और चांपा रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों के कैमरों और तकनीकी निगरानी के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी वारदात के बाद एक होटल में ठहरे थे और सभी का संबंध बिहार के मुंगेर जिले के कुख्यात ‘पेपर गैंग’ से है।

तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर रेलवे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटन कुमार (42), अमर (23), फिरोज (38), उदय कुमार (35), मिथुन कुमार (29), मुन्ना कुमार (20) तथा करण कुमार (42) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अपराधी पहले भी ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं। वहीं, गिरोह के दो मुख्य आरोपी रजनीत कुमार मंडल और उसका साथी दीपक कुमार मंडल अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचना और जीआरपी-आरपीएफ के समन्वित अभियान के माध्यम से रेलवे में सक्रिय अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से ट्रेनों में होने वाली चोरी की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को देने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई रेलवे को अपराधमुक्त बनाने और यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!