आज रायगढ़ दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय, भाजपा का समरसता संकल्प अभियान होगा शुरू, कैशलैस चिकित्सा योजना पर अहम बैठक

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में बुधवार, 29 जुलाई को राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक दृष्टि से कई महत्वपूर्ण गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद नई दिल्ली रवाना होंगे। वहीं भारतीय जनता पार्टी संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ करेगी। दूसरी ओर कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना को लेकर मंत्रालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जबकि नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की संगठनात्मक समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री साय का रायगढ़ दौरा, रात में दिल्ली रवाना होंगे
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से रायगढ़ जिले के लिए रवाना होंगे। वे ग्राम पंचायत बनोरा स्थित अघोर आश्रम में गुरु दर्शन करेंगे। इसके बाद कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर (पंडरीपानी) तथा श्री सत्यनारायण बाबा धाम (कोसमनारा) पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
दोपहर बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे। रात 8:30 बजे वे स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगे, जहां से रात्रि 9:30 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। दिल्ली पहुंचने के बाद उनका रात्रि विश्राम छत्तीसगढ़ सदन में होगा।
देशभर में शुरू होगा भाजपा का समरसता संकल्प अभियान
भारतीय जनता पार्टी आज से संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ करेगी। यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा।
अभियान के पहले दिन देशभर के लगभग 51 हजार मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जहां दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।
कैशलैस चिकित्सा योजना पर मंत्रालय में होगी अहम बैठक
राज्य शासन की प्रस्तावित कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना को लेकर आज मंत्रालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि योजना के संचालन, पात्रता, अस्पतालों के पंजीयन, उपचार प्रक्रिया तथा अन्य प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
कर्मचारी संगठनों ने योजना लागू करने से पहले व्यवहारिक सुझावों को शामिल करने की मांग की है, ताकि कर्मचारियों और अधिकारियों को बिना किसी भ्रम के बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
दिल्ली में कांग्रेस की संगठनात्मक समीक्षा
नई दिल्ली में आज छत्तीसगढ़ कांग्रेस की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित होगी। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी चुनावों की रणनीति तथा संभावित संगठनात्मक बदलावों पर चर्चा होने की संभावना है।
जांजगीर-चांपा में जिला पंचायत सामान्य सभा
जांजगीर-चांपा जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आज सुबह 11:30 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित होगी। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
सक्ती में निर्यात प्रक्रिया पर कार्यशाला
सक्ती जिले में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की ओर से रैम्प योजना के तहत दोपहर 2:30 बजे स्टेशन रोड स्थित गिरिराज रैन बसेरा में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में पंजीयन से लेकर निर्यात, शिपमेंट और अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी उद्यमियों को दी जाएगी, ताकि जिले में निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।



