बिलासपुर संभाग

संत रविदास के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, देशभर में 29 जुलाई से शुरू होगा 650वीं जयंती वर्ष का महाअभियान

गुरु पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027 तक चलेगा राष्ट्रीय समरसता संकल्प अभियान, दीप महोत्सव, कलश वंदन और देशव्यापी समरसता यात्रा होंगे प्रमुख आकर्षण

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष को सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के महाअभियान के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से संत गुरु रविदास के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा और भाईचारे के संदेश को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

भाजपा जिला कार्यालय बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक हैं। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने सदियों पहले थे।

उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” के आयोजन से होगा। इसके तहत सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए देशभर में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

वाराणसी की पवित्र मिट्टी पहुंचेगी देश के हर गांव तक

धरमलाल कौशिक ने बताया कि अभियान के अंतर्गत “कलश वंदन अभियान” भी चलाया जाएगा। इसके माध्यम से संत गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देश के प्रत्येक प्रदेश, जिला, मंडल और गांव तक पहुंचाए जाएंगे, ताकि समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित हो सके।

जालंधर से वाराणसी तक निकलेगी ऐतिहासिक समरसता यात्रा

उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक सचखंड बल्ला (जालंधर) से संत गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक भव्य समरसता यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और समरस समाज के निर्माण का संदेश लेकर देशभर के विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी।

‘सबका साथ-सबका विकास’ की मूल प्रेरणा हैं गुरु रविदास

धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र की मूल भावना संत गुरु रविदास के विचारों में निहित है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने सदियों पहले ही जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से मुक्त समाज की कल्पना प्रस्तुत की थी, जो आज विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय चेतना और विकसित भारत के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास है। इसके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और समानता, भाईचारे तथा सर्वजन कल्याण के संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा।

भाजपा नेताओं ने संत गुरु रविदास के जीवन, उनके महान विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण करते हुए समाज में समानता, सद्भाव और मानवता की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी नागरिकों से संत रविदास के आदर्शों पर चलते हुए समतामूलक, सशक्त और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी के.के. शर्मा, मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!