बिलासपुर संभाग

मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, कलेक्टर संजय अग्रवाल अलर्ट; सभी बैठकें रद्द, अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शुक्रवार की सभी निर्धारित प्रशासनिक बैठकों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है और सभी विभागीय अधिकारियों को फील्ड में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने सभी बैठकें कीं निरस्त

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले की स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से तीन से चार फीट तक पानी भरने की लगातार सूचनाएं मिल रही हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार की सभी प्रशासनिक बैठकों को रद्द कर अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में जुटने के निर्देश दिए गए हैं।

जलभराव वाले क्षेत्रों में रेस्क्यू के निर्देश

प्रशासन ने जलभराव से प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जरूरतमंद लोगों का सुरक्षित स्थानों पर रेस्क्यू कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने को कहा गया है।

नगर निगम और जनपद पंचायत को फील्ड में रहने के आदेश

नगर निगम तथा जनपद पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर जलभराव की स्थिति पर नजर रखने और राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

सड़क, पुल-पुलियों और नदी-नालों की होगी लगातार निगरानी

लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़कों, पुल-पुलियों, नदी-नालों और जल निकासी व्यवस्था का लगातार निरीक्षण करने तथा पानी के बहाव की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

जहां जरूरत हो, वहां तुरंत बैरिकेडिंग

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन स्थानों पर बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण अथवा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की आवश्यकता हो, वहां बिना विलंब आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय के निर्देश

सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने, प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से भी अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!