नशे में धुत कार चालक का तांडव, कई वाहनों को मारी टक्कर, पुलिस ने पीछा कर दबोचा

कांकेर ( शिखर दर्शन ) // शहर में बुधवार शाम एक नशे में धुत कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने कई दोपहिया और अन्य वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे चार से पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल पीछा कर सिंगरभाट के पास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तेज रफ्तार में कई लोगों को बनाया शिकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ब्रेजा कार चला रहा था और कथित तौर पर शराब के नशे में था। तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए उसने रास्ते में बाइक, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में चार से पांच लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने पीछा कर किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी का पीछा शुरू किया। भागने के दौरान सिंगरभाट के पास उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया।
आरोपी की पहचान, जांच जारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चालक की पहचान चंद्रशेखर तेता, निवासी किसनपुरी के रूप में हुई है। आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला
पूरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।



