रायपुर संभाग

धमतरी की नई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय का सख्त संदेश, अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस; नशा, जुआ-सट्टा और अवैध कारोबार के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // जिले की नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने बुधवार को सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धमतरी पुलिस की पहचान अनुशासित, पारदर्शी, संवेदनशील और जनोन्मुखी पुलिसिंग से होनी चाहिए। अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा इसके प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।

बेसिक और विजिबल पुलिसिंग पर रहेगा विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में बेसिक एवं विजिबल पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाए। बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और धार्मिक स्थलों पर नियमित पैदल गश्त बढ़ाई जाए, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

अनुशासन और उत्कृष्ट कार्य पर रहेगा फोकस

बैठक में थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुशासन, कार्यप्रणाली तथा समयबद्ध ड्यूटी की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित वर्दी में उत्कृष्ट टर्नआउट के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के नाम पुरस्कार के लिए भेजने तथा लापरवाही और कदाचार करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।

नशा, जुआ-सट्टा और अवैध कारोबार पर विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक ने जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य अवैध कारोबारों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। चाकूबाजी की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ऑनलाइन माध्यम से चाकू मंगाने वाले व्यक्तियों पर भी निगरानी रखकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

होटल-ढाबों की नियमित जांच, रात्रि गश्त होगी मजबूत

बैठक में होटलों और ढाबों की नियमित जांच करने तथा कहीं भी अवैध रूप से शराब परोसने या बेचने की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सराफा लाइन, बैंक, एटीएम और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

थाना प्रबंधन और संसाधनों के रखरखाव के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, सरकारी वाहनों एवं अन्य संसाधनों का समुचित रखरखाव करने तथा सभी सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह कार्यशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस परिसर की साफ-सफाई उसी तरह होनी चाहिए, जैसे अपने घर की देखभाल की जाती है।

फरियादियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और त्वरित कार्रवाई

उन्होंने कहा कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी और आगंतुक के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। एफआईआर दर्ज करने योग्य मामलों में किसी भी प्रकार की टालमटोल नहीं होनी चाहिए और तत्काल अपराध दर्ज किया जाए। सभी ऑनलाइन पोर्टलों की नियमित निगरानी करते हुए सीसीटीएनएस में एफआईआर एवं अन्य प्रविष्टियां समय पर अद्यतन करने तथा तकनीकी समस्या आने पर वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए। अनुसंधान और अपराध नियंत्रण को मजबूत बनाने के लिए उपलब्ध तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर भी बल दिया गया।

लंबित वारंट और न्यायालयीन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

बैठक में न्यायालयीन कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित समंस और वारंटों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण हो सके।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, साइबर थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी, अजाक थाना प्रभारी, कैंप प्रभारी तथा अन्य राजपत्रित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!