राष्ट्रीय

19 किलो का एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता, जुलाई के पहले दिन 180 रुपये तक घटे दाम

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी राहत, घरेलू सिलेंडर के दाम यथावत; डीजल बिक्री पर लगी सीमा भी हटी

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // जुलाई महीने की शुरुआत आम उपभोक्ताओं और कारोबारियों के लिए राहतभरी खबर लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 जुलाई से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 180 रुपये तक की कटौती कर दी है। हालांकि घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने पेट्रोल पंपों पर एक वाहन को प्रतिदिन 200 लीटर डीजल देने की सीमा भी समाप्त कर दी है।

कॉमर्शियल सिलेंडर हुआ सस्ता

ऑयल कंपनियों ने होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग होने वाले 19 किलोग्राम कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में आई नरमी का लाभ अब देश में भी दिखाई देने लगा है।

प्रमुख शहरों में नई कीमतें

शहरनई कीमतपुरानी कीमतकमी
दिल्ली₹2,930.00₹3,113.50₹183.50
कोलकाता₹3,081.50₹3,255.50₹174.00
मुंबई₹2,885.50₹3,067.50₹182.00
चेन्नई₹3,106.00₹3,283.00₹177.00

घरेलू सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं

घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल किसी राहत का इंतजार करना होगा। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह ही बरकरार रखी गई हैं।

प्रमुख शहरों में घरेलू एलपीजी के दाम

  • दिल्ली – ₹942
  • नोएडा – ₹939
  • चंडीगढ़ – ₹951
  • मुंबई – ₹941
  • पटना – ₹1,031
  • कोलकाता – ₹968
  • चेन्नई – ₹957.50
  • हैदराबाद – ₹994
  • लखनऊ – ₹979.50

युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई राहत

ईरान और पश्चिम एशिया में तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पिछले कुछ महीनों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। युद्ध समाप्त होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल एवं गैस की कीमतों में गिरावट आने के बाद कंपनियों ने पहली बार बड़ी राहत दी है।

डीजल भरवाने पर हटाई गई सीमा

सरकार ने पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन अधिकतम 200 लीटर डीजल भरवाने की सीमा भी समाप्त कर दी है। अब वाहन मालिक आवश्यकता के अनुसार किसी भी मात्रा में डीजल भरवा सकेंगे। इसके साथ ही औद्योगिक एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर लगाई गई ईंधन खरीद संबंधी रोक भी हटा ली गई है।

पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ी

1 जुलाई से केंद्र सरकार ने पेट्रोल के निर्यात पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED) बढ़ाकर 4 रुपये प्रति लीटर कर दी है। इससे पहले यह 1.50 रुपये प्रति लीटर थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!