मानसून ने पूरे छत्तीसगढ़ को किया कवर, अगले सात दिन झमाझम बारिश के आसार

उत्तर बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव, कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब पूरे छत्तीसगढ़ को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आएगी। अगले सात दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से बारिश का दौर और तेज होगा।
पूरे प्रदेश में सक्रिय हुआ मानसून
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। अब मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो चुका है, जिससे अधिकांश जिलों में लगातार बारिश होने के आसार हैं।
रायपुर में बादलों का डेरा
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। दिन में उमस के बाद रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। बुधवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
निम्न दबाव क्षेत्र बनने के संकेत
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी एवं उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से रायपुर सहित प्रदेश के मध्य भागों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आएगी।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई।
- कुसमी – 9 सेमी
- पखांजूर – 7 सेमी
- चंद्रपुर – 5 सेमी
- मर्दापाल – 5 सेमी
- गिधौरी – 5 सेमी
- टुंड्रा – 5 सेमी
- शिवरीनारायण – 4 सेमी
- कोटा – 4 सेमी
- दंतेवाड़ा – 4 सेमी
- पौड़ी उपरोड़ा – 3 सेमी
- गीदम – 3 सेमी
- सामरी – 3 सेमी
- दोरनापाल – 3 सेमी
इसके अलावा प्रदेश के एक दर्जन से अधिक क्षेत्रों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।
14 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए प्रदेश के 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने तथा बारिश की संभावना जताई गई है।
यलो अलर्ट वाले जिले
- बलरामपुर
- बिलासपुर
- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
- कबीरधाम
- कांकेर
- कोंडागांव
- कोरबा
- कोरिया
- मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
- मुंगेली
- नारायणपुर
- रायगढ़
- सूरजपुर
- सरगुजा
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।



