मध्यप्रदेश

राष्ट्रपति मुर्मू 21 जून को कूनो में देखेंगी चीता प्रोजेक्ट, ग्वालियर में 5 किमी क्षेत्र ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित

श्योपुर दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, कूनो के तीन प्रवेश द्वार पर्यटकों के लिए बंद

ग्वालियर ( शिखर दर्शन ) // महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को ग्वालियर और श्योपुर के दौरे पर रहेंगी। विशेष ट्रांजिट विजिट के तहत वे ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगी और वहां से सीधे श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए ग्वालियर और श्योपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एयरफोर्स स्टेशन से लेकर कूनो नेशनल पार्क तक सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

कूनो में चीतों की निगरानी और संरक्षण कार्यों का लेंगी जायजा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को दोपहर करीब 2:20 बजे विशेष विमान से ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगी। यहां संक्षिप्त प्रवास के बाद वे हेलीकॉप्टर से श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी और लगभग 3:15 बजे वहां पहुंचेंगी।

कूनो में राष्ट्रपति चीता प्रोजेक्ट की प्रगति, चीतों की सुरक्षा व्यवस्था, मॉनिटरिंग सिस्टम और संरक्षण संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए कूनो नेशनल पार्क के पीपलबावड़ी, अहेरा और टिकटोली प्रवेश द्वार 20 जून से 22 जून तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिए गए हैं।

सुरक्षा तैयारियों की हुई फुल ड्रेस रिहर्सल

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर ग्वालियर में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। हाल ही में उच्च स्तरीय बैठक के बाद सुरक्षा व्यवस्था की फुल ड्रेस रिहर्सल भी की गई। दौरे के दौरान करीब 1200 सुरक्षाकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे।

स्वागत सूची में किया गया बदलाव

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए तैयार की गई वीआईपी सूची में भी बदलाव किया गया है। प्रारंभिक सूची में जहां 55 लोगों के नाम प्रस्तावित थे, वहीं अब इसे घटाकर 14 लोगों तक सीमित कर दिया गया है। इनमें राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, प्रदेश के तीन मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर और पांच वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहेंगे।

पांच किलोमीटर क्षेत्र रहेगा ‘नो फ्लाई जोन’

राष्ट्रपति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन और वीआईपी सर्किट हाउस मुरार के आसपास पांच किलोमीटर क्षेत्र को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है। यह प्रतिबंध 20 जून दोपहर 2 बजे से 22 जून शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगा।

इस अवधि में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून सहित किसी भी प्रकार की हवाई गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए ग्वालियर और श्योपुर दोनों जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा चुका है। एयरफोर्स स्टेशन, हेलिपैड, वीआईपी मार्गों और कूनो नेशनल पार्क में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, ताकि दौरा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!