रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ निकाय उपचुनाव के नतीजे: भाजपा ने मारी बाजी, कांग्रेस ने भी दिखाई ताकत , 5 नगर पंचायत अध्यक्ष पदों में भाजपा को 3 और कांग्रेस को 2 सीटें

घुमका और पलारी में कांग्रेस ने लहराई जीत की पताका, सहसपुर लोहारा, बम्हनीडीह और शिवानंदनपुर में भाजपा का कब्जा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में 1 जून को संपन्न हुए नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनावों के परिणाम गुरुवार को घोषित किए गए। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में हुई मतगणना के बाद कई महत्वपूर्ण सीटों पर तस्वीर साफ हो गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जनपद सदस्य, सरपंच और पंच सहित विभिन्न रिक्त पदों के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के चुनाव में भाजपा ने तीन सीटों पर जीत दर्ज कर बढ़त बनाई, जबकि कांग्रेस ने दो नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

नवगठित नगर पंचायतों पर रही सबकी नजर

नवगठित नगर पंचायत घुमका, बम्हनीडीह, शिवानंदनपुर और पलारी के चुनाव परिणामों पर पूरे प्रदेश की नजर टिकी हुई थी। इन क्षेत्रों में पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव होने के कारण मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और परिणाम भी बेहद दिलचस्प रहे।

सहसपुर लोहारा में सरिता मिश्रा की शानदार जीत

कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में केवल अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया था। यहां भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 754 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

घुमका में कांग्रेस की फूलमती वर्मा बनीं अध्यक्ष

राजनांदगांव जिले की नवगठित घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने 85 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया। वार्ड परिणामों में भाजपा को बढ़त मिली, जहां 11 वार्डों में भाजपा, 3 वार्डों में कांग्रेस तथा एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा।

बम्हनीडीह में भाजपा का दबदबा कायम

जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। वार्ड चुनावों में भी भाजपा का वर्चस्व दिखाई दिया। यहां 11 वार्डों में भाजपा, 3 में कांग्रेस और एक वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुआ।

शिवानंदनपुर में रितेश जायसवाल बने अध्यक्ष

सूरजपुर जिले की शिवानंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रितेश जायसवाल अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने में सफल रहे। हालांकि वार्ड स्तर पर कांग्रेस को बढ़त मिली और 15 में से 8 वार्ड कांग्रेस तथा 7 वार्ड भाजपा के खाते में गए।

पलारी में कांग्रेस का परचम

बालोद जिले की नवगठित पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश कुमार ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वार्ड चुनावों में कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त मिली, जहां 9 वार्डों में कांग्रेस और 5 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे। एक वार्ड में दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के कारण विजेता का फैसला टॉस के जरिए किया जाएगा।

उपचुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत

बस्तर जिले के जगदलपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-1 इंदिरा वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने जीत हासिल कर पार्षद पद पर कब्जा जमाया। वहीं बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-29 संजय गांधी नगर (तारबाहर) में कांग्रेस उम्मीदवार शेख आज़म ने भाजपा प्रत्याशी वी. मधुसूदन राव को हराकर जीत दर्ज की।

पंचायत चुनावों में भी कई पदों का फैसला

त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत 10 जनपद पंचायत सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के लिए मतदान कराया गया था। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, स्थानीय नेतृत्व और जनहित के मुद्दों को लेकर मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान किया, जिसके परिणाम अब सामने आ रहे हैं।

मतदान प्रतिशत रहा उत्साहजनक

1 जून को हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नगरीय निकाय क्षेत्रों में 31 हजार 928 मतदाताओं में से 27 हजार 6 मतदाताओं ने मतदान किया, जिससे 84.58 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं पंचायत क्षेत्रों में 1 लाख 2 हजार 797 मतदाताओं में से 79 हजार 968 लोगों ने मतदान कर 78.61 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया। चुनाव के लिए नगरीय क्षेत्रों में 96 और पंचायत क्षेत्रों में 274 मतदान केंद्र बनाए गए थे। निर्वाचन आयोग ने पूरे चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बताया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!