छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट

मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ बढ़ेगी वर्षा गतिविधियां, किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार गुरुवार से प्रदेशभर में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेशभर में सक्रिय होगा बारिश का दौर
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। कई इलाकों में मेघगर्जन, बिजली चमकने और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
जारी जिला स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है।
दंतेवाड़ा में सबसे अधिक वर्षा दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा पथरिया, मैनपाट, भैसमा, कांसाबेल, कटघोरा, पेंड्रा और सूरजपुर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में बादल, बारिश और अंधड़ के आसार
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने के संकेत दिए हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
किसानों और आमजन के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार खुले में रखी कटी हुई फसलों को बारिश और तेज हवाओं से नुकसान पहुंच सकता है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं। इसके साथ ही वर्षा के दौरान उर्वरक एवं कीटनाशकों के उपयोग से बचने की सलाह दी गई है।



